
हाईवे पर चलती पिकअप गाड़ी में लगी आग, चालक ने कूदकर बचाई जान
श्रीडूंगरगढ़. राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर शुक्रवार को तेज गति से जा रही एक पिकअप गाड़ी में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार लखासर टोल नाके के पास हाईवे पर एक पिकअप गाड़ी में अचानक आग लग गई। पिकअप गाड़ी में सवार ने आग के धुएं को देखकर सक्रियता दिखाते हुए तुरन्त गाड़ी से उतरकर जान बचाई, लेकिन आग से पिकअप गाड़ी में भरा सामान जलकर राख हो गया और गाड़ी का अधिकांश हिस्सा भी जल गया।
आग को देखकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। पिकअप गाड़ी बीकानेर की तरफ जा रही थी। प्रथम दृष्टया गाड़ी में शॉर्ट सर्किट या डीजल की टंकी फटने से आग लगने का अंदेशा जताया जा रहा है।
गैस सिलेंडर लीकेज होने से ढाणी में लगी आग
नोखा. रोड़ा गांव की एक ढ़ाणी में गुरुवार रात को गैस सिलेंडर लीकेज होने से आग लग गई, जिससे ढ़ाणी में रखे पांच क्विंटल अनाज, जेवरात सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। पीडि़त कालूराम मेघवाल ने रिपोर्ट में बताया कि गुरुवार रात को गैस सिलेंडर लीकेज होने से उसकी ढ़ाणी में आग लग गई। परिवार ने बाहर भागकर जान बचाई। आग की लपटें उठती देखकर स्थानीय लोग दौड़कर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, सूचना पर दमकल भी मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक ढ़ाणी में रखा सामान जलकर राख हो गया। आग लगने से सोने-चांदी के जेवर, बाजरा, मोठ, 40 हजार रुपए, 50 क्विंटल पशुचारा सहित अन्य घरेलू सामान जलकर राख हो गया। आग की सूचना पर ऋषिराज सिंह भी मौके पर पहुंचे और पीडि़त परिवार को सरकारी सहायता दिलाने का भरोसा दिलाया।
Published on:
07 Jan 2023 01:02 am
