scriptगौरव यात्रा कार्यक्रम फिर बदला: मुख्यमंत्री कल शाम इतने बजे आएंगी बीकानेर | rajasthan gaurav yatra 2018 | Patrika News

गौरव यात्रा कार्यक्रम फिर बदला: मुख्यमंत्री कल शाम इतने बजे आएंगी बीकानेर

locationबीकानेरPublished: Sep 05, 2018 08:57:53 am

Submitted by:

dinesh kumar swami

राजस्थान गौरव यात्रा में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे छह सितंबर को सुबह साढ़े दस बजे मुकाम आएंगी। वहां मंदिर में दर्शन के बाद ११ बजे आरडी ८६० में जनसभा को सम्बोधित करेंगी।

raje

cm vasundhara raje

बीकानेर. राजस्थान गौरव यात्रा में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे छह सितंबर को सुबह साढ़े दस बजे मुकाम आएंगी। वहां मंदिर में दर्शन के बाद ११ बजे आरडी ८६० में जनसभा को सम्बोधित करेंगी। आगे के पूर्व घोषित कार्यक्रमों में बदलाव कर दिया गया है। मुख्यमंत्री दोपहर १२.३० बजे पूगल जाएंगी। वहां से ढाई बजे लूणकरनसर तथा शाम ४ बजे बीकानेर पहुंचेंगी। देहात जिलाध्यक्ष सहीराम दुसाद ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के तीन विधानसभा क्षेत्रों में प्रस्तावित आम सभाओं की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इसके लिए अलग-अलग प्रभारी लगाए गए हैं। सभी प्रभारी एवं कार्यकर्ता अपने विधानसभा क्षेत्रों में लगे हुए हैं।
सौंपी जिम्मेदारी
इस बीच मंगलवार को बीकानेर पूर्व विधायक सिद्धि कुमारी ने गौरव रथ यात्रा को लेकर बीकानेर शहर में स्वागत कार्यक्रमों की तैयारी बैठक ली। भाजपा युवा मोर्चा की बैठक में कार्यकर्ताओं को स्वागत यात्रा की जिम्मेदारी दी गई है। युवा मोर्चा फोट स्कूल से यात्रा की पूर्व संध्या पर बाइक रैली निकालेगा।
इसके बाद सिद्धि कुमारी ने मंडल अध्यक्षों और जिला पदाधिकारियों की बैठक में गौरव यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान बीज निगम के अध्यक्ष शंभू सिंह खेतासर, जिला संगठन प्रभारी महेन्द्र सिंह सोढ़ी, महापौर नारायण चौपड़ा, न्यास अध्यक्ष महावीर रांका, शहर जिलाध्यक्ष सत्यप्रकाश आचार्य, मोहन सुराणा, पाबू दान सिंह, दाऊ दयाल हर्ष, मंडल अध्यक्ष, अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
५० जगह होगा स्वागत
शहरी क्षेत्र में गौरव यात्रा के प्रभारी मोहन सुराणा ने बताया कि बीकानेर शहर के बीकानेर पूर्व एवं बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों में यात्रा के स्वागत के लिए भाजपा के अग्रिम संगठनों व पदाधिकारियों की ओर से २६ स्थान तय किए गए हैं। अन्य संगठनों व नागरिकों के मिलाकर ५० स्थलों पर स्वागत होगा। पार्टी स्तर पर पूरे रूट का निरीक्षण कर कार्यक्रम को अंतिम रूप दे दिया गया है।

जगह-जगह सुधार कार्य, अधिकारी व जनप्रतिनिधि ले रहे जायजा

बीकानेर. मुख्यमंत्रीवसुन्धरा राजे की ६ सितम्बर को प्रस्तावित गौरव यात्रा को लेकर प्रशासन तैयारियों में जुट गया है। शहर में नत्थूसर गेट के बाहर बड़ा गणेशजी के मंदिर से शुरू होने वाले रोड शो के मार्ग पर जगह-जगह सुधार कार्य हो रहे हैं। बारिश के बाद बदहाल हुए सूरसागर को फिर से तैयार कर दिया गया है।
रंग-रोगन के साथ चित्रकारी और फव्वारे शुरू हो गए हैं। वहीं शहर में मुख्यमंत्री की गौरव यात्रा को लेकर चल रहे कार्यों में प्रशासन से लेकर नगर निगम, विद्युत कम्पनी के अधिकारी और कर्मचारी जुटे हुए हैं। फड़ बाजार रोड, मुख्य डाकघर रोड, गवर्नमेंट प्रेस रोड से तीर्थ स्तम्भ रोड सहित मुख्यमंत्री के रोड शो वाले स्थानों को चमकाया जा रहा है। अधिकारी दिन में कई बार निर्धारित रूट का निरीक्षण कर व्यवस्था को अंतिम रूप देने में लगे हुए है।
सूरसागर का निरीक्षण
वहीं गौरव यात्रा को लेकर जूनागढ़ के सामने मसाला चौक सहित यात्रा मार्ग को लेकर व्यवस्था का जायजा मंगलवार को जिला कलक्टर डॉ. एनके गुप्ता ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लिया। उन्होंने निगम और प्रशासन के अधिकारियों से आवश्यक जानकारी ली और निर्देश दिए। सूरसागर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने यहां होने वाले कार्यक्रमों, लोगों की भीड़, यातायात संबंधी चर्चा पुलिस अधीक्षक सवाई सिंह गोदारा से की। इस दौरान निगम आयुक्त प्रदीप के गवांडे, एडीएम सिटी शैलेन्द्र देवड़ा, न्यास अध्यक्ष महावीर रांका सहित अधिकारी और कर्मचारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
ये कार्य हो रहे
पुष्करणा स्टेडियम में हेलिपैड।
गोकुल सर्किल से एमएम ग्राउण्ड की ओर रोड पर सड़क का डामरीकरण।
सड़क मार्ग पर झूलते बिजली के तारों को हटाए व ऊपर किए जा रहे हैं।
नालों व सड़कों की सफाई-मरम्मत।
रोडलाइट सही करने के साथ सड़कों पर गड्ढे भरने, सफाई आदि का काम।
सड़क के डिवाइडरों पर रंग-रोगन।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो