
दो ट्रकों की भिड़न्त,एक की मौत
लूणकरनसर. राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर किस्तुरिया गांव के समीप मंगलवार को दो ट्रकों में हुई भिड़न्त में एक चालक की मौत हो गई। लूणकरनसर थानाधिकारी चन्द्रजीत सिंह भाटी ने बताया कि मंगलवार को राजमार्ग-62 पर किस्तुरिया के पास बीकानेर की तरफ से आ रहे ट्रक ने अचानक ब्रेक लगाए। इस दौरान पीछे चल रहे ट्रक से भिड़न्त हो गई। हादसे में पीछे के ट्रक चालक गंभीर घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए बीकानेर पीबीएम अस्पताल में भर्ती करवाया गया तथा उपचार के दौरान ट्रक चालक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार फूलदेसर निवासी सुभाष बिश्नोई ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि 8 नवम्बर को अल-सुबह 3-4 बजे मेरा भाई महेन्द्र बिश्नोई ट्रोला-ट्रक लेकर लूणकरनसर आ रहा था। इस दौरान किस्तुरिया के पास आगे चल रहे ट्रक के अचानक ब्रेक लगाने से हुए हादसे में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर लाश परिजनों को सुपुर्द की है।
ट्रैक्टर पलटने से किसान की मृत्यु
खाजूवाला. गांव 24 केजेडी के पास सोमवार देर रात को ट्रैक्टर पलटने से 34 केवाईडी निवासी मदन बेनीवाल की मौत हो गई। गुल्लुवाली के सद्दाम हुसैन के अनुसार 24 केजेडी के पास देर रात को ट्रैक्टर पलट गया। ग्रामीणों व आसपास के लोगों की सहायता से ट्रैक्टर के नीचे दबे मदन बेनीवाल को निकालकर खाजूवाला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से बीकानेर रेफर किया गया। बीकानेर में इलाज के दौरान घायल का दम टूट गया। इस घटना की सूचना मिलते ही गांव 34 केवाईडी में शोक की लहर छा गई। इनके घर में कुछ दिन पूर्व आगजनी की घटना भी हुई थी।
गाड़ी ने बाइक को मारी टक्कर, एक युवक की मौत
नोखा. राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर बुधरों की ढाणी के पास मंगलवार को गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा चोटिल हो गया। पुलिस के मुताबिक काकड़ा निवासी माधोराम (25) पुत्र रामेश्वर लाल बिश्नोई और नोखा निवासी हिमांशु पंचारिया बाइक पर सवार होकर देशनोक से नोखा आ रहे थे। रास्ते में बुधरों की ढाणी के पास तेज गति में आए बोलेरो चालक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे माधोराम गंभीर रुप से घायल हो गया। उसे नोखा जिला अस्पताल में पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने माधोराम को मृत घोषित कर दिया। मृतक के पिता रामेश्वरलाल बिश्नोई ने अज्ञात बोलेरो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने बोलेरो को थाने में खड़ा करवाकर चालक की तलाश कर रही है।
Published on:
08 Nov 2022 09:58 pm
