
Robbery case
नोखा. नोखा क्षेत्र में देसलसर व भामटसर गांव के बीच सोमवार को फिल्मी स्टाइल में बाइक पर सवार होकर आए दो नकाबपोश युवकों ने एक व्यापारी की आंखों में मिर्ची डालकर उससे ५.५० लाख रुपए लूटकर ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाशों का देशी कट्टा भी गाड़ी में रह गया।
इसकी सूचना जैसे ही नोखा पुलिस को लगी तो नाकाबंदी भी कराई गई, लेकिन बदमाशों को लेकर पुलिस को कोई सफलता हाथ नहीं लगी। वारदात के बाद सोमवार शाम व्यापारी श्रीराम पंचारिया के साथ बड़ी संख्या व्यापारी भी नोखा थाने में पहुंचे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने की मांग की।
यूं घटित हुआ घटनाक्रम
नोखा एसएचओ मनोज शर्मा के मुताबिक कोलायत निवासी व्यापारी श्रीराम पंचारिया ने बताया कि वह सोमवार को कोलायत से रुपए का कलेक्शन कर नोखा आ रहा था। रास्ते में दो युवकों ने उसकी लोडिंग टैक्सी को रुकने इशारा किया। इस पर चालक ने गाड़ी को रोककर उनको बैठा लिया। करीब ४ किमी आगे एक युवक गाड़ी से नीचे उतर गया। वहां से रवाना होकर आगे बढ़े तो देसलसर व भामटसर के बीच दो नकाबपोश युवक बाइक पर सवार होकर आए और उनकी गाड़ी को टक्कर मारकर गालीगलौच करने लगे।
इसी दौरान एक युवक ने उनकी तरफ मिर्ची फेंकी, तो दूसरा बदमाश गाड़ी में रखा ५.५० लाख रुपयों से भरा बैग लेकर पार हो गया। वहीं एक युवक देसी कट्टा दिखाते हुए गाड़ी में सवार हो गया। बाद में उसने चालक की कनपटी पर कट्टा लगाकर गाड़ी को रास्ते में नहीं रोकने की बात कही।
बाद में मान्याणा के पास गाड़ी में बैठा युवक नीचे उतरकर भाग गया। इस दौरान वह देसी कट्टा गाड़ी में ही छोड़ गया। बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही एचएचओ मनोज शर्मा मय जाप्ते वारदात स्थल पर पहुंचे और व्यापारी से घटनाक्रम की जानकारी ली। इस दौरान बदमाशों को पकडऩे के लिए पुलिस ने नाकाबंदी भी कराई। इस बारे में देर शाम तक मामला दर्ज नहीं किया गया है।
एसपी डॉ. कायल पहुंचे नोखा
लूट की वारदात के बाद सोमवार शाम एएसपी ग्रामीण डॉ. लालचंद कायल नोखा थाने पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने मामले में पुलिस अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए।
Published on:
03 Jul 2018 07:22 am
