
Siana Bhairav mela
बीकानेर. श्रीकोलायत तहसील के सियाणा गांव में श्रीसियाणा भैरव का भाद्रपद मास का वार्षिक मेला १५ सितम्बर को भरेगा। मेले में बीकानेर शहर सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से श्रद्धालु पैदल, ऊंटगाड़ों सहित विभिन्न साधनों से सियाणा भैरव पहुंचेंगे। मेले के अवसर पर सियाणा भैरव प्रतिमा का अभिषेक कर तेल, सिंदूर, मालीपाना, पुष्प, धूप, दीप, नैवेद्य, प्रसाद, कुमकुम, अक्षत, रोली आदि से पूजन कर शृंगार किया जाएगा।
नवजात बच्चों के झडूले तथा नवविवाहितों की गठजोड़ के साथ जात लगाने की रस्म का निर्वहन होगा। मेले में दिनभर पूजा-अर्चना का क्रम चलेगा। मंदिर परिसर में भक्ति संगीत और भजनों की प्रस्तुति और भैरव स्त्रोत पाठ का वाचन होगा। सियाणा धाम में मेलार्थियों के लिए सामूहिक महाप्रसाद का आयोजन होगा।
कई संस्थाओं की ओर से प्रसाद, चाय, नाश्ता, नहाने, शीतल जल आदि की सेवाएं दी जाएगी। नत्थूसर गेट सहित शहर के विभिन्न स्थानों से श्रद्धालु ऊंटगाड़ों, बस, कार, जीप आदि साधनों से शुक्रवार को सियाणा भैरव के लिए रवाना होंगे। गुरुवार को शहर के कई स्थानों से पैदल यात्री सियाणा के लिए रवाना हुए। पदयात्रा मार्ग में संस्थाओं की ओर से पदयात्रियों की सेवाएं की गई।
सेवादार हुए तैयार : सियाणा भैरव पैदल यात्री करमीसर, बच्छासर, कोलासर, अक्कासर, मेघासर, भोलासर, हाडला, मोखा, कुण्डिया होते हुए सियाणा पहुंचेंगे। सेवा संस्थाओं की ओर से पदयात्रा मार्ग में शीतल-जल, चाय, दूध, छाछ, शिकंजी, आइसक्रीम, फ्रूट क्रीम, कोल्ड ड्रिंक, नाश्ता, भोजन, जलेबी-पकौड़ी, नमकीन, फास्ट फूड आदि की सेवाएं दी जाएगी। सेवा संस्थाओं के सेवादार सेवाओं को लेकर तैयार हो गए है।
कावड़ लेकर हुए रवाना
सियाणा भैरव मेले में शामिल होने के लिए गुरुवार को चौथाणी ओझा चौक व बिन्नाणी चौक से कावड़ लेकर पदयात्री सियाणा भैरव के लिए रवाना हुए। वहीं सिंगिया चौक, बारह गुवाड़ चौक, मोहता चौक से पदयात्री रवाना हुए। पदयात्रियों ने बारह गुवाड़ ओझा गली स्थित सियाणा भैरव में दर्शन-पूजन किया। चौकी संघ की ओर से पदयात्रियों के लिए सूरदासाणी मोहल्ले में दूध की सेवा दी गई।
Published on:
14 Sept 2018 09:12 am
