
Student election
बीकानेर. छात्रसंघ चुनाव को लेकर अब उल्टी गिनती शुरू हो गई है। चुनाव में महज ९ दिन बाकी हैं। इस अवधि में छात्र संगठनों को प्रत्याशी तय करने से लेकर मतदाताओं को रिझाने के लिए मुद्दे तय करने और इन मुद्दों का छात्रों तक पहुंचाने में मशक्कत करनी पड़ रही है। कई छात्रनेता टिकट के लिए दावेदारी भी जताने लगे है। मंगलवार को कॉलेजों व विश्वविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव पर पूर्व छात्रनेता व छात्रों में चर्चा हुई।
उन्होंने अपने दल के सदस्य को टिकट के लिए विचार-विमर्श किया। प्रमुख छात्रसंगठन एबीवीपी, एनएसयूआई तथा एसएफआई के अध्यक्षों को अब प्रदेश के नेताओं के इशारे का इंतजार है। उनके इशारे के साथ ही वे अपने उम्मीदवार के लिए समर्थन जुटाना शुरू कर देंगे। उन्होंने सुबह जनसंपर्क किया और शाम को अगले दिन की रणनीति बनाई। कुछ कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के माध्यम से अपने अध्यक्ष पद के उम्मीदवार को जिताने के लिए पूरे शहर में वायरल किया जा रहा है। कुछ छात्र संगठन धरना, प्रदर्शन व नारेबाजी कर अपने मुद्दे रखने की कोशिश कर रहे हैं।
तैयारी शुरू
संभाग में सबसे अधिक मतदाताओं वाले डूंगर महाविद्यालय में 31 अगस्त को होने वाले छात्रसंघ के चुनाव की तैयारी शुरू हो गई हैं। प्राचार्य डॉ. सतीश कौशिक ने बताया कि सफल चुनाव संचालन के लिए चुनाव व्यय एवं वित्तीय जवाबदेही समिति, अनुशासन समिति, परिचय पत्र वितरण, वीडियोग्राफ ी, मतदाता सूची निर्माण एवं मतपत्र प्रकाशन समिति सहित अन्य समितियों का गठन किया गया है। वरिष्ठ संकाय सदस्य डॉ. शिशिर शर्मा को मुख्य निर्वाचन अधिकारी तथा डॉ. शालिनी मूलचन्दानी को अतिरिक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी और डॉ. आरएस वर्मा को उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया गया है।
साथ ही सोलह सदस्यीय चुनाव संचालन समिति गठित कह गई है। इसकी संयोजक डॉ. मीरा श्रीवास्तव होंगी। प्राचार्य ने बताया कि छात्रसंघ संविधान, लिंगदोह समिति की सिफ ारिशों की व्याख्या, सुझाव एवं शंका निवारण समिति के लिए डॉ. आरके पुरोहित को प्रभारी अधिकारी बनाया गया है। मुख्य निर्वाचन कार्यालय कक्ष संख्या 39 में रहेगा।
छात्रों ने किया प्राचार्य का घेराव
बीकानेर. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के महानगर मंत्री मांगीलाल गोदारा के नेतृत्व में छात्रों ने मंगलवार को विभिन्न मांगों को लेकर कॉलेज का मुख्य द्वार बंद कर प्राचार्य का घेराव किया। छात्रों ने प्राचार्य को ज्ञापन भी सौंपा। ज्ञापन में नियमित कक्षाएं लगाने, एनसीसी भवन की मरम्मत करवाने, विज्ञान भवन में पानी व पंखे की व्यवस्था, कॉलेज कैम्पस को कीकर मुक्त करने, छात्राओं के लिए शौचालय बनवाने की मांग की। गोदारा ने कहा कि तीन दिन में समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन करेंगे। इस अवसर पर ऋषिराज सिंह, रामनिवास, अशोक मेघवाल, राजेन्द्रसिंह, हेमंत भाटी, राकेश मान, हिमांशु गुप्ता आदि मौजूद थे।
डूंगर कॉलेज में परिचय पत्र 2७ तक
डूंगर महाविद्यालय में चुनाव के मद्देनजर सभी विद्यार्थियों को परिचय पत्र २३ से 2७ अगस्त तक वितरित किए जाएंगे। मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. सतीश कौशिक ने बताया कि विद्यार्थी को मूल रसीद एवं एक फ ोटो व आइडी लानी होगी। विद्यार्थियों को प्रवेश समिति द्वारा ही परिचय पत्र वितरित किए जाएंगे।
Published on:
22 Aug 2018 10:00 am
