
sursagar
बीकानेर. मुख्यमंत्री की क्लास के बाद प्रशासनिक अमला हरकत में आ गया है। प्रशासनिक और नगर विकास न्यास अधिकारियों ने खासतौर से सूरसागर से गंदा पानी निकालने, टूटी जाली-झरोखों व दीवारों की मरम्मत करने और गंदगी निकालने का काम तेज कर दिया है। साथ ही सूरसागर के सौन्दर्यीकरण पर भी काम शुरू कर दिया गया है। न्यास सूरसागर की सफाई तथा टूटी रेलिंग और दीवारों की मरम्मत पर १.२१ करोड़ रुपए खर्च करेगा।
न्यास अधिकारियों ने सूरसागर से गंदे पानी जल्द निकालने के लिए मोटर पम्पों की संख्या सात से बढ़ाकर नौ कर दी है। शनिवार को न्यास अध्यक्ष महावीर रांका ने सूरसागर का निरीक्षण किया और कार्यों की प्रगति देखी। उन्होंने कार्यों को लेकर अधिकारियों से चर्चा की। रांका ने अधिकारियों को गंदा पानी जल्द निकालने, जाली व सीढि़यों की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए।
८ फीट पानी बाकी
बारिश के दौरान सड़क और गंदे नालों का पानी जाने से सूरसागर लबालब हो गया था। अब गंदे पानी को निकाला जा रहा है। न्यास अध्यक्ष ने बताया कि मोटर पम्पों की मदद से सूरसागर से करीब १८ फीट तक पानी निकाला जा चुका है। अब करीब ८ फीट तक पानी बचा है। न्यास अध्यक्ष ने निगम उप महापौर अशोक आचार्य, स्वच्छता समिति अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार शर्मा, निगम स्वास्थ्य अधिकारी अशोक व्यास के साथ सूरसागर की सफाई को लेकर चर्चा की। इस दौरान श्रवण गोदारा, शंभू गहलोत आदि उपस्थित थे।
राजे ने दी थी हिदायत
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने शुक्रवार को जिला कलक्टर और न्यास अध्यक्ष को तल्ख लहजे में सूरसागर को स्वच्छ व सुंदर बनाए रखने एवं शहर से गोधे हटाने के लिए कहा था। इसके बाद अधिकारी अब तक ढिलाई से चल रहे कार्यों को शीघ्र पूरा करवाने में जुट गए हैं।
लाखों के टेंडर जारी
रांका ने बताया कि सूरसागर की टूटी दीवार को सीसी (सीमेंट-कंक्रीट) दीवार बनाने पर ६८ लाख रुपए, टूटी रेलिंग, चौकी और सीढि़यों की मरम्मत पर २० लाख रुपए तथा सूरसागर की सफाई पर ३३ लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों के लिए न्यास ने टेण्डर जारी कर दिए हैं।
Published on:
29 Jul 2018 09:34 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
