
बीकानेर.
बीकानेर के एक सरकारी सरकारी स्कूल में इनदिनों एक अजब मामला देखने को मिल रहा है। जिसके चलते स्कूल की कई छात्राओं ने पढ़ाई से दूरी बना ली है। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, नत्थूसर बास का शैक्षणिक माहौल बिगड़ रहा है। यहां की छात्राएं अंग्रेजी शिक्षक के स्थानांतरण को निरस्त करने की मांग को लेकर धरने पर बैठी है। यहां की पांच छात्राएं स्कूल से अपनी टीसी कटवा चुकी है। वहीं 50 से अधिक छात्राओं के टीसी मांगे जाने के बाद स्कूल प्रशासन की नींद उड़ चुकी है। स्कूल के शिक्षक अब उनसे समझाने की कोशिश कर रहे हैं।
दूसरी शिक्षिका को लगाया जा चुका
पिछले कुछ दिनों से छात्राओं के इस प्रदर्शन में उनके अभिभावक भी शामिल हो गए हैं। उधर छात्राओं की ओर से किए जा रहे प्रदर्शन को किसी के उकसाने से जुड़ा होने की बातें सामने आने के बाद पर शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है। स्कूल से जिस अंग्रेजी शिक्षक का स्थानांतरण हुआ था, उसके स्थान पर अंग्रेजी की दूसरी शिक्षिका को लगाया जा चुका है। बावजूद इसके मामला शांत होने का नाम नहीं ले रहा है।
लौटानी होगी साइकिलें
स्कूल प्रशासन को जिन छात्राओं ने टीसी के लिए आवेदन किया है, उन्हें सरकारी पाठ्य सामग्री और उन्हें दी गई साइकिलें लौटानी होगी। स्कूल प्रशासन के अनुसार कक्षा एक से बारहवीं तक स्कूल में कुल छात्राओं की संख्या 366 है। आमतौर पर यहां दो सौ छात्राओं की उपस्थिति रोजाना रहती है। स्कूल की 60 - 70 छात्राओं की ओर से किए जा रहे प्रदर्शन के कारण शेष छात्राओं की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। एेसे में अब पढऩे वाली छात्राओं के अभिभावकों का रोष भी बढ़ता जा रहा है। बताया जाता है कि करीब 15 दिन पूर्व स्कूल से रिलीव हुए अंग्रेजी शिक्षक ने अभी तक गजनेर स्थानांतरित होने के बाद अभी तक कार्यग्रहण नहीं किया है।
Published on:
08 Aug 2018 01:27 am
