
theft in shop
बीकानेर. सदर थाना क्षेत्र में बुधवार रात चोरों ने एक दुकान को शिकार बनाया। चोर दुकान की दीवार तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपए के मोबाइल व एसेसरीज चुरा ले गए। दुकानदार को गुरुवार सुबह वारदात का पता लगने पर पुलिस को सूचना दी। सदर थाना क्षेत्र में वीर दुर्गादास सर्किल के पास प्लगइंग मोबाइल एवं इलेक्ट्रोनिक शॉप के शटर पर लगे ताले को न तोड़कर चोर पीछे की दीवार तोड़कर अंदर घुसे। चोर यहां से विभिन्न कंपनियों के स्मार्टफोन, मोबाइल एसेसरीज ले गए।
दुकान संचालक जयशिवम मोदी ने बताया कि वह रात करीब साढ़े आठ बजे दुकान बंद करके घर गया। अगले दिन सुबह करीब दस बजे दुकान पहुंचा। शटर का ताला खोला तो होश उड़ गए। दुकान के पीछे की दीवार टूटी हुई थी। यहां शोकेस में रखे मोबाइल गायब थे। सूचना पर पहुंची सदर पुलिस ने दीवार तोडऩे में काम में लिए गए औजार जब्त किए हैं। चोरी की वारदात यहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। कैमरे की फुटेज में एक युवक दुकान के पीछे वाली झाली तोड़कर अंदर घुसते और मोबाइल व एसेसरीज एक थैले में भरकर ले जाते दिखा है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी है।
दुकान के आगे खड़ी जीप चोरी
नोखा. रोड़़ा गांव में शराब की दूकान के आगे खड़ी पिकअप गाड़ी चोरी होने का मामला गुरुवार को नोखा थाने में दर्ज हुआ है। पुलिस के मुताबिक शराब की दुकान पर सेल्समेन का काम करने वाले पलाना गांव का रामलाल जाट गुरुवार रात को दूकान के आगे पिकअप को लॉक करके सो गया। सुबह उठकर देखा तो दूकान के आगे से पिकअप गायब थी। आसपास पता करने के बाद भी जब गाड़ी नहीं मिली तो नोखा थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ पिकअप गाड़ी चोरी का मामला दर्ज करवाया।
अनियंत्रित होकर कार पेड़ से टकराई
नोखा . कस्बे के सलूडिंया रोड़ पर गुरुवार को एक कार अनिंयत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। पेड़ से टकराने के बाद पास स्थित दीवार से जा टकराई। टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।
Published on:
08 Jun 2018 01:58 pm
