
जूनागढ़ के पास पुराना बस स्टैण्ड पर बनी पार्किंग के हालात खराब हैं। बसों आदि यात्री वाहनों के प्रवेश को रोकने को प्रशासन ने अवरोधक के लिए गर्डर लगवाई थी, लेकिन अवरोधक तोड़कर अब यात्री वाहन इस पार्किंग में अंदर खड़े कर दिए जाते हैं।
जिला कलक्टर ने अब यात्री वाहन का प्रवेश करने पर उसे सीज करने और अवरोधक तोडऩे वाले पर एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। जिला यातायात प्रबंध समिति की गुरुवार को हुई बैठक में इस मुद्दे पर विस्तृत चर्चा हुई।
शहर में यातायात व पार्किंग व्यवस्था सुचारू रखने, वेंडिंग व नॉन वेंडिंग जोन निर्धारण करने, बसों का निर्धारित स्थानों पर ठहराव, सड़क सुरक्षा, ट्रैफिक लाइट संचालन, निराश्रित पशुओं के सींगों पर रिफ्लेक्टर लगवाने, विकास कार्यों में भामाशाहों को जोडऩे सहित विभिन्न बिन्दुओं पर जिला कलक्टर अनिल गुप्ता की अध्यक्षता में हुई बैठक में गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर नाजिम अली, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी राजेश शर्मा, निगम उपायुक्त ताज मोहम्मद, डीटीओ गरेश कुमार अग्रवाल, यातायात समिति सदस्य युधिष्ठर सिंह भाटी, कुलदीप मोदी व रमेश पारीक सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
सुधारी जाए यातायात व्यवस्था
जिला कलक्टर ने कहा कि यातायात व्यवस्था दुरुस्त रहे, इसके लिए परिवहन, पुलिस, निगम, न्यास व सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारी समन्वय से कार्य करें। बैठक में बताया गया कि निगम जूनागढ़ पुराने बस स्टैण्ड पर सफाई करवा रहा है तथा बैरिकेडिंग करवाई जा चुकी है। यहां यात्री वाहनों के प्रवेश को रोकने के लिए सुलभ कॉम्प्लेक्स के पास लगाया अवरोधक किसी ने तोड़ दिया है।
इससे यात्री वाहनों का पुन: प्रवेश होने लगा है। इस पर कलक्टर ने निर्देश दिए कि अवरोधक तोडऩे वालों का पता लगाएं, उनके विरुद्ध एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही यहां अवरोधक को पुन: लगाकर इसकी सीसीटीवी कैमरे से मॉनिटरिंग की जाए। यहां खड़े अनधिकृत वाहनों का चालान व सीज करने की कार्रवाई की जाए।
तीन दिन में रिपोर्ट दें
कलक्टर ने श्रीगंगानगर रोड पर लोक परिवहन बसों के ठहराव के मामले में 3 दिन में सर्वे कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। पूगल फांटे के पास खड़े होने वाले ठेलों को रेलिंग लगवाकर उसके पीछे निर्धारित स्थानों पर लगवाया जाए। तौलियासर भैरूंजी की गली के पास लगे ट्रांसफार्मर को वैकल्पिक स्थान की तलाश कर शिफ्ट किया जाए।
वेंडिंग जोन निर्धारित हों
शहरी क्षेत्र में वेंडिंग जोन निर्धारण के सम्बन्ध में निगम उपायुक्त ने बताया कि आयुक्त की अध्यक्षता में कमेटी गठित की गई है। सर्वे कार्य करने में लापरवाही करने वाली फर्म को नोटिस दिया गया है। कलक्टर ने निर्देश दिए कि मनमर्जी से हर स्थान पर ठेले लगाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाया जाए,
जिससे शहर का सौन्दर्य बरकरार रहे और यातायात में बाधा न आए। इसके लिए प्रमुख स्थानों व मार्गों का सर्वे कर, वहां वेंडिंग जोन निर्धारित किया जाएं। गंगाशहर सब्जीमंडी को अन्यत्र शिफ्ट करने के लिए निगम व न्यास अधिकारी भूमि की तलाश करें।
ट्रैफिक लाइटें रहें सुचारू
शहर में ट्रैफिक लाइट के 9 पॉइंट हैं। इनमें से 5 नगर विकास न्यास व 4 सार्वजनिक निर्माण विभाग के पास हैं। न्यास अधिकारियों ने बताया कि पंडित धर्मकांटा, कोठारी हॉस्पिटल व सोफिया स्कूल चौराहे के ट्रैफिक लाइट सिग्नल ठीक करवा दिए गए हैं। पूगल फांटे तथा चौधरी भीमसेन सर्किल के पॉइंट दुरुस्त करवाए जा रहे हैं। गुप्ता ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीन सिग्नल को न्यास को सुपुर्द कर दिया जाए।
ये भी आए सुझाव
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) ने रेलवे ब्रिज से अम्बेडकर सर्किल तक दिन में भारी वाहनों के लिए वन-वे करने, कलक्ट्रेट के आगे अस्थाई बैरिकेडिंग के स्थान पर स्थाई बैरिकेडिंग करवाने, म्यूजियम तिराहे के पास वाहन खड़े रहने से जाम लगने की समस्या के समाधान के लिए वैकल्पिक स्थान के सम्बन्ध में कार्ययोजना बताई। सांगलपुरा बस स्टैण्ड को हल्दीराम प्याऊ के पास अस्थाई रूप से शिफ्ट करने की व्यवस्था को ट्रायल बेसिस पर लागू करने के निर्देश दिए।
Published on:
24 Nov 2017, 7:58 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.