
बेकाबू ट्रक बस्ती में घुसा, शौचालय क्षतिग्रस्त
नोखा. नागौर से पांचू होकर पीलीबंगा जा रहा एक ट्रक अनियंत्रित होकर वाल्मीकि बस्ती में घुस गया और ट्रक की चपेट में आने से एक घर के बाहर बना शौचालय, स्नानघर और वहां खड़ा एक ठेला क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय निवासी संपतलाल ने बताया कि मंगलवार देर रात्रि को ट्रक चालक रास्ता भटकने से बस्ती में घुस आया और ट्रक की टक्कर लगने से शौचालय, स्नानघर व ठेला टूटे तो आवाज होने से बस्ती के लोग जाग गए। घटना के बाद मोहल्लेवासी एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को थाने में खड़ा करवाया। बुधवार को ट्रक थाने में खड़ा था और दोनों पक्ष के लोग वहां मौजूद थे।
बोलेरो और बाइक की टक्कर में युवक की मौत
नोखा. नागौर रोड पर बुधवार देर शाम को बोलेरो गाड़ी व बाइक की टक्कर हो गई, जिससे बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रुप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को नोखा के जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर होने पर बीकानेर रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक नोखा के वार्ड 26 में इंद्रा कॉलोनी निवासी राजू (25) पुत्र मोडाराम नायक और मनोज (23) पुत्र भगवानाराम नायक दोनों बाइक पर सवार होकर खेत में जा रहे थे। नागौर रोड पर भट्टड़ पेट्रोल पंप के पास बोलेरो व बाइक में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बाइक सवार राजू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मनोज गंभीर रुप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सूचना पर सीआइ ईश्वर प्रसाद जांगिड़ भी अस्पताल में पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
Published on:
15 Dec 2022 12:57 am
