
Weather Update: बादलवाही से गिरा पारा, मावठ की उम्मीद बढ़ी
बीकानेर. इलाके में सोमवार को हल्के बादल छाने का असर मौसम पर दिखा। इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आई है। पश्चिम विक्षोभ के चलते मौसम विभाग ने मंगलवार को बूंदाबांदी के साथ बारिश की संभावना भी व्यक्त कर रखी है। यह मावठ (सर्दी की बारिश) रबी फसलों के लिए अमृत के समान है। खेतों में सरसों और चना की बुवाई कुछ समय पहले ही हुई है। अब फसलों को बढ़वार के लिए सिंचाई की आवश्यकता है। ऐसे में बारिश होने से खासकर असिंचित और कुआं से सिंचाई वाली फसलों को बड़ा फायदा होगा। बादलवाही और बूंदाबांदी से तापमान में भी गिरावट आएगी।
चार दिन से अधिकतम तापमान में लगातार गिरावट आ रही है। गत 4 नवम्बर को अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री था, वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 33.6 डिग्री तक नीचे आ गया। बादलवाही के साथ पश्चिम विक्षोभ का असर माना जा रहा है। इसी के साथ रात का तापमान भी 17.6 डिग्री पर आ गया है। माना जा रहा है कि मंगलवार को बारिश होने पर सर्दी रंग दिखाने लगेगी। इसी के साथ पश्चिम विक्षोभ का असर समाप्त होने के साथ उत्तरी हवाएं चलने से भी सर्दी बढ़ती है। हिमालय से आने वाली इन हवाओं से सुबह-सुबह हल्का कोहरा भी छाने लगता है।
पिछले चार दिनों की बात करें, तो 4 नवम्बर को अधिकतम तापमान 37.9 डिग्री रहा था, जबकि न्यूनतम 20.0 डिग्रीके आसपास रहा। अगले दिन 5 नवम्बर को अधिकतम 37.0 डिग्री और न्यूनतम 20.0 डिग्री के आसपास रहा। 6 नवम्बर को अधिकतम 35.9 डिग्री और न्यूनतम 19.6 डिग्री के आसपास रहा। जबकि 7 नवम्बर को अधिकतम 33.6 डिग्री न्यूनतम 17.6 डिग्री रहा।
Published on:
08 Nov 2022 02:26 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
