
घायल युवक की फोटो: पत्रिका
Rajasthan News: बीकानेर के मुक्ताप्रसाद क्षेत्र स्थित स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी के कार्यालय में एक युवक द्वारा खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की घटना से हड़कंप मच गया। आग लगने से युवक करीब 40% तक झुलस गया। कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने तत्काल पानी डालकर आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुक्ताप्रसाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को पीबीएम अस्पताल पहुंचाया जहां उसका उपचार जारी है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बीकानेर के मुक्ताप्रसाद थानाधिकारी विजेन्द्र सिला ने बताया कि सूचना मिलने पर उप निरीक्षक रतनसिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घायल युवक की पहचान अनूपगढ़ निवासी लक्ष्मण सिंह राठौड़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार फिलहाल घायल की ओर से थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। ऐसे में पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों व अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।
उधर पीबीएम अस्पताल में उपचाराधीन लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वह पिछले लगभग एक साल से स्मार्ट मीटर लगाने वाली कंपनी में डिवीजन इंचार्ज के पद पर कार्यरत थे। लक्ष्मण के अनुसार देर रात उन्हें कार्यालय बुलाया जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। उन्होंने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और कंपनी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने उन पर पेट्रोल डालकर आग लगाने का प्रयास किया। लक्ष्मण का कहना है कि वह पूरे मामले की लिखित शिकायत पुलिस को देंगे और निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में कार्यालय से ये जानकारी भी सामने आई है कि लक्ष्मण सिंह को कुछ दिन पहले कंपनी से नौकरी से हटा दिया गया था। पुलिस के अनुसार नौकरी छूटने के बाद वह मानसिक तनाव में थे।
वह कार्यालय पहुंचे और अपने साथ लाई बोतल में मौजूद ज्वलनशील पदार्थ खुद पर उड़ेलकर आग लगा ली। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
दोनों पक्षों के बयानों घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों तथा अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
Published on:
02 Jul 2026 09:36 am
बड़ी खबरें
View Allबीकानेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
