2 जुलाई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bikaner: पुलिस निरीक्षक श्रवण बिश्नोई की संदिग्ध मौत, कुछ समय पहले ही हुआ था तबादला

Bikaner News: बीकानेर में पुलिस निरीक्षक श्रवण बिश्नोई ने आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
2 min read
Google source verification
Police Inspector Shravan Bishnoi Suicide Case

एआई तस्वीर

बीकानेर। बीछवाल थाना क्षेत्र स्थित पुलिस क्वार्टर में बुधवार को एक पुलिस निरीक्षक संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस और एसएफएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। फिलहाल आत्महत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है। बीछवाल थानाधिकारी दिगपाल सिंह चारण ने बताया कि श्रवण कुमार (40) पुत्र रामनिवास बिश्नोई, निवासी चक विजयसिंहपुरा (कोलायत) वर्तमान में करणीनगर सी-ब्लॉक स्थित पुलिस क्वार्टर में रह रहे थे।

यह वीडियो भी देखें

बुधवार सुबह परिजन उन्हें अचेत अवस्था में पीबीएम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना सुबह करीब 11 बजे पुलिस को दी गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि श्रवण कुमार ने अपने क्वार्टर के एक कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या की। घटना के समय उनकी पत्नी घर पर थीं, जबकि सात वर्षीय पुत्र स्कूल गया हुआ था। पत्नी ने घटना के बाद परिजनों को सूचना दी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

2014 बैच के अधिकारी थे

जानकारी के अनुसार श्रवण कुमार वर्ष 2014 बैच के पुलिस निरीक्षक थे। हाल ही में उनका पदोन्नयन हुआ था। वे पूर्व में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), बीकानेर में कार्यरत रहे और वर्तमान में सीआईडी लीगल सेल, जयपुर में पदस्थापित थे। बताया जा रहा है कि वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे और इसी कारण ड्यूटी पर नहीं जा रहे थे। उनके परिवार में पत्नी और सात वर्षीय पुत्र हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने वापस बीकानेर ट्रांसफर के लिए काफी प्रयास भी किए थे, लेकिन तबादला नहीं हुआ। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जयपुर से फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया था, जिसने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।

गौरतलब है कि बीकानेर जिले में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के जालबसर गांव से एक दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई थी। यहां मंगलवार को एक खेत में बनी पानी की डिग्गी में डूबने से 36 वर्षीय विवाहिता और उसकी 6 साल की मासूम बेटी की मौत हो गई थी। ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से एक 8 वर्षीय बालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे उसकी जान बच गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्रारंभिक जांच और ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार इस खौफनाक कदम के पीछे घरेलू कलह की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के चलते विवाहिता ने अपनी बेटी के साथ डिग्गी में छलांग लगा दी।