
Youth congress conference
बीकानेर. भारतीय युवा कांग्रेस के 23 अगस्त को श्रीडूंगरगढ़ में प्रस्तावित संभाग स्तरीय सम्मेलन की तैयारियां पूरी कर ली गई है। सम्मेलन में किसानों और बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध करवाने जैसे ज्वलंत मुद्दों पर चर्चा होगी। साथ ही इन मुद्दों पर केन्द्र व राज्य सरकार की विफलताओं को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेता भी शामिल होंगे।
भारतीय युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने बताया कि संभाग सम्मेलन को लेकर श्रीडूंगरगढ़ में आयोजन स्थल पर सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। युवा कांग्रेस श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष हरिराम बाना के नेतृत्व में संगठन के कार्यकर्ता आयोजन स्थल पर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंजाम देने में जुटे हुए हैं।
लम्बित पेंशन प्रकरणों का हो निस्तारण
बीकानेर. अखिल भारतीय महादलित कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक पवन अरोड़ा व राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष सीपी टायसन से मुलाकात कर प्रदेश की १८४ निकायों की नगर पालिका, परिषद और निगमों में चल रहे लम्बित पेंशन प्रकरणों, बकाया देय परिलाभों के भुगतान करवाने की मांग की। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश राजस्थानी ने बताया कि इस दौरान मृतक आश्रितों को अनुकम्पात्मक नियुक्तियां दिए जाने की भी मांग रखी।
जनगणना की तैयारियों के लिए बैठक 24 को
बीकानेर. संभागीय आयुक्त हनुमान सहाय मीना की अध्यक्षता में 24 अगस्त को सुबह साढ़े ग्यारह बजे जनगणना-2021 की तैयारियों के सम्बंध में बैठक होगी। बैठक में मुख्य रजिस्ट्रार, जन्म-मृत्यु तथा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के जन्म-मृत्यु के आंकड़ों के अंतर को न्यूनतम करने तथा जन्म-मृत्यु के शतप्रतिशत पंजीकरण को सुनिश्चित करने, डाटा डिजिटलाइजेशन का कार्य सहित विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की जाएगी।
एलएलबी प्रथम वर्ष में शुरू हो प्रवेश प्रक्रिया
बीकानेर. जनक्रांति फाउण्डेशन ने राजकीय विधि महाविद्यालय बीकानेर में एलएलबी प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया शुरू करने की मांग उच्च शिक्षा मंत्री से की है। फाउण्डेशन के संरक्षक कुलदीप कडे़ला ने मंत्री को ज्ञापन सौंपकर बताया कि बार कौंसिल ऑफ इंडिया की अनुमति न मिल पाने के कारण राजकीय विधि महाविद्यालय बीकानेर में एलएलबी प्रथम वर्ष में प्रवेश प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही है।
Published on:
22 Aug 2018 10:06 am
