
सराफा कारोबारी से लूट के मामले में पुलिस का बड़ा एक्शन (फोटो सोर्स- पत्रिका)
CG Crime News: बिलासपुर जिले में मंगलवार को रात के सन्नाटे में गोलियों की धमक, पिस्टल की नोक पर हमला, लहूलुहान सराफा कारोबारी और चार बैग में भरा करोड़ों का सोना…। राजकिशोर नगर की उस अंधी मोड़ वाली वारदात ने पूरे शहर को हिला दिया था। लेकिन 24 घंटे के भीतर कहानी पलट गई। बिलासपुर से मिर्जापुर तक पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि अंतरराज्यीय लुटेरे गिरोह का पर्दाफाश हो गया। अंतरराज्यीय गिरोह के सभी पांच आरोपी गिरफ्तार हो गए, जिसमें मास्टरमाइंड विजय लांबा पर विभिन्न राज्यों में 67 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में 17 फरवरी की रात करीब 9.15 बजे महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी रोज की तरह दुकान बंद कर सोने के जेवर और नकदी अपनी कार में रखकर घर लौट रहे थे। आरोपियों ने उनके सिर पर वार कर उनकी कार समेत चार बड़े बैग लूट ले गए। बैग में करीब 2 किलो सोने के आभूषण, 200 ग्राम तैयार जेवर, 350 ग्राम कच्चा सोना, 100 ग्राम फाइन गोल्ड और 3.50 लाख रुपए कैश था।
पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर रेंजभर में नाकेबंदी कर दी गई। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, तकनीकी विश्लेषण, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीम सक्रिय हुई। मौके से सफेद कार, पैशन प्रो बाइक, 10 जिंदा कारतूस और हथौड़ा मिला। कारोबारी से लूटी गई कार ग्राम उर्तुम और परसाही के बीच लावारिस मिली, जिसमें से फिंगरप्रिंट जुटाए गए। मुखबिरों से पुलिस को पुख्ता जानकारी मिली कि गिरोह की आई-20 कार से सोनभद्र होते हुए मिर्जापुर की तरफ निकला है। इस पर बिलासपुर पुलिस ने तत्काल यूपी पुलिस से संपर्क साधा।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार मास्टरमाइंड विजय लांबा पर विभिन्न राज्यों में 67 प्रकरण दर्ज हैं। वह दिल्ली व हरियाणा में लूट, अन्य अपराधों को अंजाम देता था। पुलिस को आशंका है कि दिसंबर की एक अन्य वारदात में भी उसकी भूमिका रही है। आईजी के नेतृत्व और वरिष्ठ अधिकारियों की मॉनिटरिंग में पुलिस ने यूपी पुलिस के सहयोग से महज 24 घंटे में इस दुस्साहसिक लूट का खुलासा कर दिया।
मिर्जापुर जिले के अहरौरा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर 18 फरवरी की रात दो आरोपियों-विनोद उर्फ बीनू और करीम खान को कार सहित यूपी पुलिस ने पकड़ लिया। उनकी निशानदेही पर जंगल में छिपे विजय लांबा और मोनू उर्फ राहुल को भी गिरफ्तार किया गया। लूटे गए जेवर और फायरआम्र्स बरामद कर लिए गए। पांचवां आरोपी टिकरापारा, बिलासपुर का निवासी इमरान अली जो स्कॉर्पियो से रेकी कर रहा था, उसे भी गिरफ्तार कर वाहन जब्त किया गया।
सराफा एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष कमल सोनी ने लूट की बड़ी वारदात का त्वरित खुलासा करने पर बिलासपुर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि पुलिस की सतर्कता और सूझबूझ से अंतरराज्यीय गिरोह को मात्र 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया गया, जो प्रशंसनीय है।
गौरतलब है कि 17 फरवरी को सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में सराफा व्यापारी से लूट की बड़ी घटना हुई थी, जिसे बिलासपुर के इतिहास की सबसे बड़ी सराफा लूट बताया जा रहा है। कमल सोनी ने आईजी राम गोपाल गर्ग एवं एसपी रजनेश सिंह का विशेष रूप से आभार जताया, जिन्होंने छुट्टी पर होने के बावजूद पूरे मामले में सक्रिय रहे। साथ ही एएसपी, सीएसपी, पुलिस टीम एवं अन्य जिलों के पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय शानदार रहा।
हमारी पुलिस टीम लगातार आरोपियों का पीछा कर रही थी। मिर्जापुर में 4 आरोपी पकड़े गए, जबकि १ आरोपी बिलासपुर का शामिल है। - रामगोपाल गर्ग, आईजी, बिलासपुर।
Updated on:
20 Feb 2026 10:14 am
Published on:
20 Feb 2026 10:14 am
