
मृतक आकाश सूर्यवंशी, वारदात के बाद लोगों की भीड़ ( Photo - Patrika )
Bilaspur police: बिलासपुर के सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम संबलपुरी में गणेश पंडाल के पास साउंड सिस्टम को लेकर हुए विवाद में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सोमवार शाम को हुई वारदात में आरोपी ने युवक के सीने पर चाकू से कई वार किए। ( Bilaspur News ) गंभीर रूप से घायल युवक को ग्रामीण सिम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने बताया कि संबलपुरी में राशन दुकान के सामने गणेश उत्सव का पंडाल लगाया गया है। सोमवार शाम पंडाल के पास अमन सूर्यवंशी (23) और आकाश सूर्यवंशी (22) के बीच साउंड सिस्टम को लेकर कहासुनी हो गई। विवाद बढऩे पर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। इसी दौरान अमन ने चाकू निकालकर आकाश के सीने पर तीन-चार वार कर दिए। हमले में आकाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने डायल-112 को सूचना दी और घायल को सिम्स पहुंचाया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने घटना के बाद अमन सूर्यवंशी को हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ कर विवाद की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
प्रारंभिक तौर पर साउंड सिस्टम को लेकर विवाद सामने आया है। वहीं स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी नशे का आदी बताया जा रहा है और वह पहले दो से तीन साल तक नशामुक्ति केंद्र में भी रह चुका है। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।
गणेश पंडाल के पास हुए मर्डर की वारदात से सनसनी फैल गई। बता दें कि भगवान के गणेश के स्वागत से लेकर पूजा पाठ को लेकर समिति के सदस्या उत्साह के साथ तैयारियों में जुटे हुए थे, इस बीच मामूली बात को लेकर हुए विवाद और फिर चाकूबाजी में युवक की मौत से लोग सन्न रह गए। पुलिस ने मौके पर स्थिति को काबू किया। वहीं स्थानीय लोगों को समझाइश दी।
Updated on:
15 Sept 2026 11:48 am
Published on:
15 Sept 2026 11:44 am
