
बिलासपुर के डीपी लॉ कॉलेज में जूनियर छात्र से मारपीट ( Photo - Patrika )
Chhattisgarh News: डीपी विप्र विधि महाविद्यालय सरकंडा में कॉलेज से पढ़ाई कर वकालत कर रहे पूर्व विद्यार्थियों ने शुक्रवार को नवप्रवेशी छात्र के साथ मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के अनुसार ये पूर्व विद्यार्थी नए छात्रों का इंट्रोडक्नश लेने पहुंचे थे। इस दौरान एलएलबी फस्ट सेमेस्टर की कक्षा चल रही थी। ( Bilaspur News ) वे चलती कक्षा में घुसे और इंट्रोडक्शन लेने लगे। प्राध्यापक ने मना कि तो बहस करने लगे। इसके बाद उन्होंने नए छात्र तुषार दुबे पर दबाव बनाया कि वह कॉलेज प्रबंधन के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल हो।
छात्र ने प्रदर्शन में शामिल होने से मना किया तो अखिलेश साहू, भूपेंद्र साहू, महेश साहू, मनीष मिश्रा, लव साहू, चंद्रेश बंजारे सहित करीब दर्जनभर पूर्व छात्रों ने तुषार को घेर लिया।उसका गला पकडकऱ उस पर लात-घूंसे बरसाए गए।
प्राचार्य सुषमा तिवारी ने कहा कि चलती क्लास में पुराने छात्र घुसकर इंट्रोडक्शन करने लगे थे। टीचर ने मना किया तो प्रदर्शन करने लगे। छात्रों को जबरन प्रदर्शन पर बैठने को कह रहे थे। छात्र ने मना किया तो उसके साथ मारपीट की। कॉलेज कमेटी की बैठक में विवाद करने वाले पुराने छात्रों पर कारवाई का निर्णय किया या। उनके प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया जाएगा। बार काउंसिल को भी इस मामले की जानकारी भेजकर कार्रवाई के लिए कहा जाएगा। उधर छात्र तुषार ने सरकंडा थाने में मामला दर्ज कराया है।
कॉलेज में मारपीट की घटना का कुछ छात्रों ने वीडियो भी बनाया जिसमें मारपीट के दौरान प्रोफेसर धर्मेंद्र शर्मा छात्र को बचाते हुए दिखे और पुराने छात्र उन पर भी लात घूंसे बरसाते रहे। जूनियर विद्यार्थियों में भय पसरा था।
कॉलेज में जिन बाहरी छात्रों ने घुसकर मारपीट की वो शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुधांशु मिश्रा के समर्थक हैं। रौब जमाने के लिए कैंपस में उनके फोटो के साथ फ्लेक्स भी लगाकर रखे हैं। कॉलेज में पढऩे वाले छात्रों का कहना है कि ये पार्किंग और कॉलेज परिसर में घंटों झुंड बनाकर बैठे रहते हैं। नए छात्रों को अपने ग्रुप में शामिल होने का दबाव बनाकर परेशान करते रहते है।
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि कॉलेज कैंपस में पुराने सीनियर छात्रों द्वारा जूनियर छात्र तुषार दुबे के साथ मारपीट की गई है। छात्र की शिकायत पर महेश साहू सहित अन्य के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौच, जान से मारने की धमकी देने की धार के साथ एफआईआर दर्ज किया गया है।
Updated on:
12 Sept 2026 01:19 pm
Published on:
12 Sept 2026 01:19 pm
