
Bilaspur Power Cut(photo-patrika)
Bilaspur Power Cut: छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच बिलासपुर की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। शहर के कई इलाकों में लगातार ट्रांसफार्मर ब्लास्ट की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है। तिफरा, सिद्धि विनायक नगर, गुरु रोड, माँ आशापुरम कॉलोनी और खमतराई के रानी दुर्गावती नगर से ट्रांसफार्मर फटने और चिंगारियां निकलने के वीडियो वायरल हो रहे हैं। देर रात हुए धमाकों के कारण घंटों ब्लैकआउट रहा। गर्मी और उमस से परेशान लोगों का गुस्सा अब बिजली विभाग की लापरवाही पर फूट पड़ा है।
जानकारी के अनुसार तिफरा के सिद्धि विनायक नगर, गुरु रोड और माँ आशापुरम कॉलोनी में ट्रांसफार्मर ब्लास्ट की घटनाएं हुईं। इसके बाद खमतराई के वार्ड नंबर 58 रानी दुर्गावती नगर से भी ट्रांसफार्मर से तेज धमाकों और आतिशबाजी जैसी चिंगारियां निकलने के वीडियो सामने आए। देर रात हुए इन धमाकों से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि लोग घबरा गए।
ट्रांसफार्मर ब्लास्ट के बाद प्रभावित इलाकों में घंटों बिजली गुल रही। भीषण गर्मी और उमस के बीच लंबे समय तक बिजली बंद रहने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रातभर लोग गर्मी से बेहाल रहे। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई। कई घरों में पानी की सप्लाई भी प्रभावित हो गई, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।
तिफरा और आसपास के क्षेत्रों के रहवासियों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। लोगों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से लगातार अघोषित बिजली कटौती की जा रही है। शिकायत करने के बावजूद विभाग के कर्मचारी केवल अस्थायी सुधार कर लौट जाते हैं और कुछ ही देर बाद फिर से बिजली सप्लाई ठप हो जाती है। रहवासियों का आरोप है कि ओवरलोड और खराब मेंटेनेंस के कारण ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग लगातार बेहतर सप्लाई और मेंटेनेंस के दावे करता है, लेकिन जमीनी स्थिति पूरी तरह अलग है। ट्रांसफार्मर ब्लास्ट और लगातार ब्लैकआउट की घटनाओं ने विभाग की तैयारियों और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल विभाग की टीम मरम्मत कार्य में जुटी हुई है, लेकिन लोगों में अब भी नाराजगी बनी हुई है।
Published on:
27 May 2026 01:55 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
