
शहरवासियों को एक और सौगात, 5 करोड़ 13 लाख रुपए से होगा सेंट्रल लाइब्रेरी का निर्माण
बिलासपुर. नूतन चौक पर 5 करोड़ 13 लाख रुपए की लागत से सेंट्रल लाइब्रेरी का निर्माण होगा। मेयर इन कौंसिल ने टेंडर प्रक्रिया होने के बाद निर्माण को हरी झंडी दे दी है। सोमवार की शाम 5 बजे दृष्टि सभाकक्ष में मेयर किशोर राय की अध्यक्षता में मेयर इन कौंसिल (एमआईसी) की बैठक हुई। बैठक में सबसे पहले नूतन चौक पर प्रस्तावित सेंट्रल लाइब्ररी के निर्माण पर चर्चा हुई। सेंट्रल लाइब्ररी शहर के प्रबृद्धजन और युवा वर्ग की मांग को पूरा करेगी।
लाइब्रेरी में ज्ञानवर्धक पुस्तकों से लेकर समसामायिक पत्रिका, विभिन्न भाषाओं के अखबार व ई लर्निंग से लैश अत्याधुनिक कम्प्यूटर सिस्टम लगा होगा, जहां सभी आयु वर्ग के लोगों के लिए उनकी दिलचस्पी अनुसार पुस्तक उपलब्ध होंगी। इतना ही नहीं अत्याधुनिक ई-लर्निंग कम्प्यूटरों से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को सबसे ज्यादा फायदा होगा। लाइब्रेरी में बैठकर वे इंटरनेट व राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पत्र-पत्रिकाओं के माध्यम से नोट्स तैयार कर सकेंगे। इसके बाद शहर के 21 मार्गों का सौदर्यीकरण स्मार्ट सिटी की तर्ज पर करने शासन की स्वीकृति के लिए भेजने संबंधित एजेंडा पर चर्चा की गई। इसे भी एमआईसी सदस्यों ने सर्वसम्मति से पास किया। इसी तरह शहर के सार्वजनिक स्थल जैसे रिवर व्यू, बिलासाताल व अन्य जगहों के सौंदर्यीकरण के प्रस्ताव को मेयर इन कौंसिल ने हरी झंडी दी। बैठक में एमआईसी सदस्य रमेश जायसवाल, उदय मजुमदार, राजकुमार पमनानी, प्रकाश यादव, बंशी साहू, रजनी सोनी, मधुबाला टंडन, अंजनी कश्यप निगम के सभी विभागों के प्रभारी अधिकारी व ईई उपस्थित थे।
सफाई व जल उपलब्धता पर भी चर्चा
एमआईसी बैठक से पूर्व मेयर किशोर ने उपस्थित एमआईसी सदस्य व निगम के अधिकारियों से सफाई व जल उपलब्धता पर चर्चा की। इस दौरान जल उपलब्धता की समस्या पर त्वरित कार्रवाई और टेंडर से पानी उपलब्ध कराने के निर्देश जल विभाग के अधिकारियों को दिए। इसी तरह मेयर राय ने सभी वार्डों में प्रतिदिन सफाई की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश स्वास्थ्य शाखा को दिए।
Published on:
19 Jun 2018 01:39 pm
