
स्कूल में धर्मांतरण का आरोप (photo source- Patrika)
CG Suspended News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में दो अलग-अलग मामलों में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है। एक ओर थाने में अपने ही भाई पर बंदूक तानने वाले आरक्षक को निलंबित किया गया है, वहीं दूसरी ओर नगर निगम की स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम के प्रभारी को भी गंभीर शिकायतों के बाद सस्पेंड कर दिया गया है। दोनों मामलों ने प्रशासनिक व्यवस्था और अनुशासन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के मुताबिक, आपसी विवाद के बाद बड़ा भाई सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंचा था। इसी दौरान उसका छोटा भाई, जो कि आरक्षक विष्णु चंद्रा है, ने थाना परिसर में ही उस पर बंदूक तान दी और धमकी दी। घटना के सामने आते ही मामला तूल पकड़ गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह ने तत्काल प्रभाव से आरक्षक विष्णु चंद्रा को निलंबित कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं, ताकि घटना की विस्तृत पड़ताल की जा सके।
दूसरे मामले में नगर निगम की स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम के प्रभारी और वरिष्ठ स्वच्छता निरीक्षक दीपक कुमार पंकज पर कार्रवाई की गई है। उन पर दुकानदारों से बिना रसीद जुर्माना वसूलने, अभद्र व्यवहार करने और बिना भुगतान सामान लेने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं।
शिकायतकर्ता दुकानदार द्वारा नगर निगम को CCTV फुटेज सौंपा गया था, जिसमें कथित तौर पर प्रभारी की गतिविधियां सामने आईं। इसके बाद निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने मामले को संज्ञान में लेते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
निलंबन आदेश में कहा गया है कि संबंधित अधिकारी के कृत्य से निगम की स्वच्छता गतिविधियों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और संस्थान की छवि धूमिल हुई है। इस कारण सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत कार्रवाई की गई है।
आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान दीपक कुमार पंकज का मुख्यालय पं. देवकीनंदन दीक्षित औषधालय (स्वास्थ्य विभाग), नगर पालिक निगम बिलासपुर निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। गौरतलब है कि इसी मामले में मेयर पति के खिलाफ गाली-गलौज की शिकायत भी दर्ज कराई गई थी, लेकिन अब तक उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इसे लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
Updated on:
03 May 2026 12:16 pm
Published on:
03 May 2026 12:16 pm
