
एसईसीएल में 1 जून से नया ड्रेस कोड लागू (फोटो सोर्स- पत्रिका)
Chhattisgarh News: बिलासपुर के एसईसीएल में कर्मचारियों के लिए नया यूनिफॉर्म ड्रेस कोड लागू करने का आदेश जारी कर दिया गया है। एसईसीएल मुख्यालय से जारी निर्देश के अनुसार आगामी 1 जून से पूरे एसईसीएल में नया ड्रेस कोड प्रभावी हो जाएगा। यह निर्णय कोल इंडिया लिमिटेड (सीआईएल) द्वारा यूनिफॉर्म ड्रेस कोड योजना में किए गए संशोधन के बाद लिया गया है।
कंपनी ने सभी महाप्रबंधकों, विभागाध्यक्षों और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र, उपक्षेत्र, यूनिट और विभाग में कार्यरत कर्मचारियों को नए ड्रेस कोड की जानकारी दें तथा यह सुनिश्चित करें कि 1 जून से सभी कर्मचारी निर्धारित यूनिफॉर्म में ही कार्यालय पहुंचें।
सीआईएल के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 490वीं बैठक में ड्रेस कोड में बदलाव को मंजूरी दी गई थी, जिसके बाद कोल इंडिया प्रबंधन ने आदेश जारी किया। अब उसी के पालन में एसईसीएल स्तर पर भी आदेश लागू कर दिया गया है। नई व्यवस्था के तहत यूनिफॉर्म के लिए मिलने वाली वार्षिक अग्रिम राशि 12,500 रुपए में कोई बदलाव नहीं किया गया है, लेकिन इसके उपयोग और बिल जमा करने के नियमों को सरल बना दिया गया है। पहले यह राशि केवल तीन जोड़ी यूनिफॉर्म खरीदने तक सीमित थी, जबकि अब कर्मचारी अपनी आवश्यकता अनुसार तीन या उससे अधिक जोड़ी यूनिफॉर्म खरीद सकेंगे।
इसके साथ ही जीएसटी बिल जमा करने की समय सीमा भी एक महीने से बढ़ाकर दो महीने कर दी गई है। इससे कर्मचारियों को यूनिफॉर्म खरीदने और बिल जमा करने के लिए अधिक समय मिलेगा तथा जल्दबाजी से राहत मिलेगी। कंपनी ने एक और महत्वपूर्ण बदलाव करते हुए उन कर्मचारियों को भी पूरी राशि देने का निर्णय लिया है, जिनकी सेवा अवधि छह महीने से कम बची है। पहले ऐसे कर्मचारियों को केवल 50 प्रतिशत राशि ही मिलती थी। अब यह प्रावधान समाप्त कर दिया गया है और सभी कर्मचारियों को समान रूप से पूरा लाभ मिलेगा। हालांकि रिटायर होने वाले कर्मचारियों के लिए कंपनी ने अलग प्रावधान भी जोड़ा है।
पुरुष कर्मचारी ग्रे शर्ट और ब्लैक पेंट पहनेंगे, वहीं महिला कर्मचारियों के लिए पहले की तरह दो विकल्प रखे गए हैं। वे ग्रे या मैरून रंग की फॉर्मल शर्ट और काली पैंट पहन सकती हैं या फिर ग्रेमैरून रंग का कुर्ता, कमीज, काली सलवार और दुपट्टा का सेट चुन सकती हैं। कर्मचारी चाहें तो इन विकल्पों मिश्रित रूप से अपना सकते हैं। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यूनिफॉर्म ड्रेस कोड से जुड़े अन्य सभी नियम पहले की तरह ही लागू रहेंगे। प्रबंधन का मानना है कि इस नए ड्रेस कोड से कार्यस्थल पर एकरूपता को बढ़ावा मिलेगा।
Updated on:
09 May 2026 02:56 pm
Published on:
09 May 2026 02:33 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
