
अस्पताल में मौजूद लोगों की भीड़ (फोटो पत्रिका नेटवर्क)
Health Alert: बिलासपुर जिले में गुरुवार को सुबह से लेकर दोपहर करीब 3 बजे तक सावन सी झड़ी लगी रही। इससे सड़कें सूनी रहीं। इसके बाद धीरे-धीरे मौसम खुला, तब कहीं जाकर शहर में चहल-पहल बढ़ी। इधर बारिश शुरू होते ही एक बार फिर मौसमी बीमारी के साथ रतनपुर क्षेत्र में डायरिया के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। अस्पतालों में भीड़ लगनी शुरू हो गई है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान अनुसार गुरुवार को सुबह से ही शहर सहित आसपास क्षेत्रों में बारिश शुरू हो गई। तब लग रहा था कि जल्द थम जाएगी, पर ऐसा नहीं हुआ। काली घटाएं और गहराती गईं, जिससे बारिश का स्वरूप झड़ी ने ले लिया। दोपहर करीब ३ बजे तक कभी हल्की तो कभी तेज बारिश का क्रम बना रहा। इससे ऐसा लग रहा था मानों पूरे दिन बारिश होती रहेगी, पर ऐसा नहीं हुआ।
दोपहर 3 बजे के बाद गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने लगीं, जिससे बादल भी छंटने लगे और 4 बजे तक बारिश रुक गई। इधर बारिश की वजह से सुबह से ही शहर की सड़कें व बाजार सूने रहे। बारिश बंद होने के बाद फिर से चहल-पहल शुरू हुई। इस बारिश की वजह से लोगों को बाहर निकलने में जरूर परेशानी होती रही, पर उमस भरी गर्मी से राहत जरूर मिली।
शहर के ठेठा डबरी इलाके में पिछले महीने डायरिया के 50 से ज्यादा मरीज मिले थे। वहां स्थिति संभलने के बाद अब रतनपुर क्षेत्र में इसके मरीज मिलने लगे हैं। पिछले तीन दिन में 50 से ज्यादा डायरिया के मरीज स्थानीय अस्पतालों में इलाज के लिए पहुंच चुके हैं। इसके ज्यादातर मरीज गिरजावन और नवागांव के हैं। रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मौसमी बीमारी के मरीजों की लगातार भीड़ उमड़ रही है। डॉक्टरों के अनुसार बरसात के मौसम में साफ-सफाई को लेकर थोड़ी भी लापरवाही गंभीर परिणाम दे सकती है। दूषित पानी पीने से संक्रमण फैला है।
बारिश में निकलने से पहने छाता या रेन कोट का इस्तेमाल करें।
उबला हुआ या फिल्टर किया हुआ पानी ही पीएं।
ताजा भोजन करें।
हल्का, सुपाच्य भोजन करें।
खुले में बिक रहे खाद्य पदार्थों से परहेज करें।
Updated on:
04 Jul 2025 01:06 pm
Published on:
04 Jul 2025 01:06 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
