बिलासपुर. उत्तर पश्चिम से आ रही भीषण हवाओं के कारण रविवार को आसमान से आग बरसी। दिन में चल रही लू के थपेड़ों के कारण सड़कें भी सुनसान रहीं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटे तक मध्य व उत्तर छत्तीसगढ़ के कुछ क्षेत्रों में लू चलने के साथ् रात भी गर्म रहने की चेतावनी दी है।
रविवार को जैसे ही सुबह की शुरूआत हुई, वैसे ही गर्मी का लोगों का अहसास होना शुरू हो गया। इसके बाद जैसे-जैसी दिन ढलने लगा वैसे-वैसे धूप की तपिश तेज होती गई। इसके साथ ही गर्म हवाओं के कारण अधिकतम तापमान में आंशिक बढ़ोतरी हुई। भीषण गर्मी के कारण टेपनलों से घरों में सप्लाई किए जाने वाला पानी भी गर्म आने का सिलसिला रहा। लोगों को पीने के साथ नहाने के लिए भी मजबूरी में गर्म पानी का उपयोग करना पड़ रहा है। गर्मी से बचने के लिए लोग चेहरे को ढांककर घरों से बाहर निकलते रहे। इसके साथ ही शीतल पेय दुकानों में एक बार फिर से लोगों की भीड़ लगी रही। अधिकतम के साथ न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान सामान्य तापमान से 5 डिग्री अधिक के साथ 43.6 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 4 डिग्री अधिक के साथ 30.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
हल्की बारिश की संभावना
मौसम विज्ञानी एचपी चन्द्रा के अनुसार एक चक्रीय चक्रवाती घेरा पूर्वी बिहार और उसके आसपास स्थिति है। एक चक्रवाती घेरा झारखंड से छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्यप्रदेश होते हुए विदर्भ तक फैला है। इसके प्रभाव से प्रदेश के एक दो स्थानों पर हल्की बारिश के साथ वज्रपात होने और गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
दिन रात लू चलने की चेतावनी
मौसम विज्ञानी चन्द्रा के अनुसार उत्तर पश्चिम हवाओं के प्रभाव से प्रदेश के मध्य क्षेत्र में लू चलने की संभावना है। दिन के साथ साथ रातें भी उष्ण रहेंगी। इसका प्रभाव आगामी 24घंटे तक रहने की संभावना है।
प्रदेश के प्रमुख शहरों के तापमान
शहर -तापमान
रायपुर- 42.4
बिलासपुर- 43.6
पेण्ड्रा-40.6
अंबिकापुर- 40.9
जगदलपुर-39.3
दुर्ग- 43.4
राजनांदगांव- 44.5