
ठगी (फोटो सोर्स- Freepik)
Fraud News: बिलासपुर के मैग्नेटो मॉल से हाईप्रोफाइल ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। ‘क्लब्रियोंट हॉस्पिटैलिटी प्राइवेट लिमिटेड’ नाम की कंपनी ने फ्री गिफ्ट, लकी कूपन और आकर्षक हॉलिडे पैकेज का झांसा देकर लोगों से लाखों रुपए वसूल लिए।
ठगों ने पहले लोगों को फोन कर ‘इनाम निकलने’ की बात कही, फिर उन्हें मॉल स्थित आलीशान ऑफिस में बुलाकर विदेश यात्रा, लक्जरी होटल और स्पेशल टूर पैकेज का सपना दिखाया। रकम मिलते ही कंपनी के संचालक और कर्मचारी ऑफिस बंद कर फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि ठगी का आंकड़ा 50 लाख से 1 करोड़ रुपए तक पहुंच सकता है।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित मैग्नेटो मॉल की चौथी मंजिल पर संचालित इस कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। पीड़ित अमित गुप्ता ने पुलिस को बताया कि 20 फरवरी को उनके पास एक कॉल आया था। कॉल करने वालों ने कहा कि उनका नाम लकी कूपन में निकला है और उन्हें गिफ्ट लेने के लिए ऑफिस बुलाया गया। ऑफिस पहुंचने पर उन्हें आकर्षक हॉलिडे पैकेज और होटल बुकिंग ऑफर दिखाए गए।
भरोसा जीतने के बाद उनसे पैसों की मांग की गई। अमित ने पहले 25 हजार रुपए ट्रांसफर किए, फिर टिकट बुकिंग और अन्य सुविधाओं के नाम पर 50 हजार रुपए और जमा करा दिए। जब लंबे समय तक कोई टिकट या पैकेज डिटेल नहीं मिली, तब उन्हें शक हुआ। 24 अप्रैल को वे दोबारा ऑफिस पहुंचे तो वहां ताला लगा मिला। मौके पर पहले से कई लोग मौजूद थे, जो इसी तरह की ठगी का शिकार हो चुके थे।
पुलिस जांच में अब तक 8 लाख 12 हजार रुपए की ठगी सामने आई है। सुशांत कुमार से 76 हजार, रोहित शर्मा से 1.28 लाख, डॉ. शरद कर्णेवार से 1.10 लाख और अमित गुप्ता से 75 हजार रुपए वसूले जाने की पुष्टि हुई है।
जांच में पता चला है कि कंपनी ने बिलासपुर के अलावा रायपुर और भिलाई स्थित मॉल में भी ऑफिस खोल रखे थे। आरोपी नौकरीपेशा और रसूखदार लोगों को टारगेट कर यूपीआई और क्रेडिट कार्ड के जरिए रकम वसूलते थे। सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी मुख्य संचालक नागेश बालासाहेब साखरे समेत 16 कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
एसआर साहू, थाना प्रभारी, सिविल लाइन के मुताबिक, हॉलिडे पैकेज और फ्री गिफ्ट के नाम पर लोगों से ठगी की शिकायत मिली है। मुख्य संचालक नागेश बालासाहेब साखरे समेत 16 कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।
Updated on:
08 May 2026 01:41 pm
Published on:
08 May 2026 01:40 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
