23 जून 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बिलासपुर सेंट्रल जेल में खूनी खेल, सोते कैदी का पत्थर से कुचल दिया सिर, अस्पताल में हुई मौत

Jail Murder Case Bilaspur: बिलासपुर सेंट्रल जेल में मंगलवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक सजायाफ्ता कैदी ने बैरक में सो रहे अपने साथी कैदी पर नाली ढकने वाले भारी पत्थर से हमला कर दिया।

2 min read
Google source verification
Bilaspur Jail News

बिलासपुर सेंट्रल जेल में खूनी खेल (फोटो सोर्स- पत्रिका)

Bilaspur Central Jail Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले स्थित सेंट्रल जेल में मंगलवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। जेल के भीतर एक सजायाफ्ता कैदी ने अपने ही साथी कैदी की पत्थर से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया।

गंभीर रूप से घायल कैदी को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और जेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।

नाली ढकने वाले पत्थर से ताबड़तोड़ हमला

जानकारी के अनुसार, घटना बिलासपुर सेंट्रल जेल की उस बैरक में हुई, जहां मानसिक रूप से बीमार कैदियों को रखा जाता है। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह कुछ कैदी बैरक के भीतर लूडो खेल रहे थे, जबकि एक कैदी सो रहा था। इसी दौरान एक सजायाफ्ता कैदी ने अचानक नाली ढकने वाले भारी पत्थर को उठाकर सो रहे कैदी के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि पीड़ित कैदी लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गया।

अस्पताल में मौत

घटना को देखकर अन्य कैदियों में अफरा-तफरी मच गई। जेल कर्मचारियों को सूचना दी गई, जिसके बाद घायल कैदी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हालांकि डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई

घटना के बाद पूरे जेल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। जेल प्रशासन ने आरोपी कैदी को अलग बैरक में शिफ्ट कर दिया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस और जेल प्रशासन आरोपी से पूछताछ कर घटना के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रहे हैं। इस वारदात ने जेल के भीतर सुरक्षा व्यवस्था और कैदियों की निगरानी को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर जेल परिसर के अंदर नाली ढकने वाला भारी पत्थर कैदियों की पहुंच तक कैसे पहुंचा और इतनी बड़ी घटना कैसे हो गई, इसकी भी जांच की जा रही है।

जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा हो सकेगा।