
प्रेम संबंध के शक में चाकू से हमला (photo source- Patrika)
Bilaspur Knife Attack: शहर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत तिफरा के कुंदरापारा इलाके में रविवार रात एक युवक पर चाकू से जानलेवा हमला किए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। नकाब पहनकर पहुंचे हमलावर ने युवक की पीठ और पेट पर ताबड़तोड़ वार किए। इस दौरान घायल युवक की पत्नी ने साहस दिखाते हुए हमलावर का नकाब खींच लिया, जिससे उसकी पहचान हो गई। घटना के बाद पुलिस ने फरार आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, मनीष गोस्वामी (32) तिफरा चौक में फल की दुकान चलाता है। रविवार रात करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी के साथ दुकान के पास खड़ा था। इसी दौरान एक नकाबपोश युवक वहां पहुंचा और पीछे से मनीष को पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी ने हत्या की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमलावर ने मनीष की पीठ और पेट पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
हमले के दौरान मौके पर मौजूद मनीष की पत्नी ने साहस दिखाते हुए हमलावर को पकड़ लिया और उसका नकाब खींच दिया। नकाब हटते ही हमलावर की पहचान भोलू साहू उर्फ दुर्गेश साहू उर्फ गोलू सर्किट के रूप में हुई। पहचान उजागर होने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वहीं गंभीर रूप से घायल मनीष गोस्वामी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना के बाद मनीष की पत्नी ने सिरगिट्टी थाने में आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अभय सिंह बैस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मनीष गोस्वामी का आरोपी के परिवार की एक महिला के साथ संबंध था। बताया जा रहा है कि महिला गांव सैदा में मनीष के साथ रह रही थी। इसी बात को लेकर आरोपी दुर्गेश साहू काफी नाराज था और लंबे समय से मनीष से रंजिश रखता था। पुलिस के मुताबिक इसी विवाद के चलते आरोपी ने मनीष की हत्या की नीयत से चाकू से हमला किया।
वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया था। जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रायपुर में छिपा हुआ है। इसके बाद सिरगिट्टी पुलिस की टीम ने देर रात रायपुर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से हमले में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
Updated on:
08 Jun 2026 05:54 pm
Published on:
08 Jun 2026 05:51 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
