15 मार्च 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गर्मी से पहले बड़ी तैयारी! बिलासपुर की 4 सड़कों की होगी खोदाई, अमृत मिशन के तहत बिछेगी नई पाइपलाइन

CG Water Supply: बिलासपुर शहर में गर्मी के दिनों में पानी की किल्लत से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने अमृत मिशन योजना के तहत पाइपलाइन विस्तार कार्य तेज कर दिया है।

2 min read
Google source verification
गर्मी से पहले बड़ी तैयारी! बिलासपुर की 4 सड़कों की होगी खोदाई, अमृत मिशन के तहत बिछेगी नई पाइपलाइन(photo-AI)

गर्मी से पहले बड़ी तैयारी! बिलासपुर की 4 सड़कों की होगी खोदाई, अमृत मिशन के तहत बिछेगी नई पाइपलाइन(photo-AI)

CG Water Supply: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर शहर में गर्मी के दिनों में पानी की किल्लत से राहत दिलाने के लिए नगर निगम ने अमृत मिशन योजना के तहत पाइपलाइन विस्तार कार्य तेज कर दिया है। इसके तहत शहर की चार प्रमुख सड़कों पर खोदाई कर नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने नगर निगम के आवेदन के आधार पर रोड कटिंग के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया है।

नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि परियोजना पूरी होने के बाद बहतराई, राजकिशोर नगर और सिरगिट्टी जैसे बड़े इलाकों में जल संकट की समस्या काफी हद तक दूर हो जाएगी। साथ ही जलागारों तक पानी का दबाव भी बेहतर तरीके से पहुंचेगा।

CG Water Supply: बिरकोना जल शोधन संयंत्र से जुड़ेगा नेटवर्क

अमृत मिशन योजना के तहत बिरकोना स्थित 72 एचएलडी क्षमता वाले जल शोधन संयंत्र से शहर के पांच प्रमुख जलागारों को जोड़ा जाएगा। इनमें बहतराई, राजकिशोर नगर, लिंगियाडीह, देवरीखुर्द और सिरगिट्टी के जलागार शामिल हैं।

इन जलागारों तक पानी की आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए 150 एमएम से 350 एमएम व्यास की पाइपलाइन बिछाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार पाइपलाइन बिछाने का कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।

चार प्रमुख सड़कों पर होगी रोड कटिंग

नेशनल हाईवे के दायरे में आने वाली चार प्रमुख सड़कों पर पाइपलाइन बिछाने के लिए सड़क की खोदाई की जाएगी। इसके लिए नगर निगम ने पीडब्ल्यूडी को विस्तृत कार्ययोजना भेज दी है।

पीडब्ल्यूडी को भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क की मरम्मत और पुनर्स्थापना का काम अनुबंधित फर्म द्वारा कराया जाएगा, ताकि आम लोगों को आवागमन में ज्यादा परेशानी न हो।

इन मार्गों पर बिछेगी नई पाइपलाइन

अमृत मिशन योजना के तहत चार प्रमुख मार्गों पर पाइपलाइन विस्तार किया जाएगा—

  • राजकिशोर नगर क्षेत्र: पटवारी प्रशिक्षण केंद्र से राजकिशोर नगर तक पाइपलाइन बिछेगी।
  • देवरीखुर्द मार्ग: पावर हाउस चौक से देवरीखुर्द मोड़ तक सड़क खोदाई कर पाइपलाइन डाली जाएगी।
  • बहतराई क्षेत्र: बहतराई चौक से खेल परिसर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तक नया जल नेटवर्क जोड़ा जाएगा।
  • सिरगिट्टी क्षेत्र: गणेश नगर चौक से फदहाखार सिरगिट्टी तक पाइपलाइन का विस्तार किया जाएगा।

गर्मी से पहले जल संकट दूर करने की तैयारी

नगर निगम प्रशासन ने इस परियोजना को गर्मी के मौसम से पहले पूरा करने की योजना बनाई है। अधिकारियों के मुताबिक पाइपलाइन बिछने के बाद शहर के नए विकसित वार्डों में पानी का दबाव बढ़ेगा और नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित हो सकेगी।

नगर निगम के जल विभाग ने पीडब्ल्यूडी से लोकहित और पेयजल की जरूरत को देखते हुए जल्द अनुमति देने का अनुरोध किया है, ताकि समय रहते पाइपलाइन विस्तार का काम पूरा किया जा सके।