12 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मंगला के पंच व साथियों को पुलिस कर्मियों ने पीटा, ये थी वजह

बिजली कर्मियों का इंतजार कर रहे थे पंच व मोहल्ले के युवक...

2 min read
Google source verification
police bilaspur beats

मंगला के पंच व साथियों को पुलिस कर्मियों ने पीटा, ये थी वजह

बिलासपुर. सिविल लाइन थानांतर्गत ग्राम मंगला आदर्श चौक पर बिजली गुल होने पर रविवार रात सडक़ किनारे खड़े खड़े युवकों से पुलिस कर्मियों ने विवाद करते हुए उनकी जमकर पिटाई कर दी। युवकों ने पुलिस कर्मियों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में शिकायत की। कार्रवाई नहीं होने पर आईजी व एसपी से शिकायत की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे बिजली गुल होने पर ग्राम पंचायत मंगला स्थित वार्ड नंबर 9 के पंच फरीद उर्फ बबली खान पिता रफीक खान (32), स्वास्थ्य विभाग रायगढ़ में पदस्थ नितेश पिता बाबूलाल यादव (27) और असलम पिता बाबा खान आदर्श चौक पर बिजली विभाग के कर्मचारियों का इंतजार कर रहे थे। तभी दीनदयाल कॉलोनी की ओर से थाने की पेट्रोलिंग गाड़ी में प्रधान आरक्षक संजय यादव, आरक्षक नरेन्द्र पात्रे और अन्य 2 पुलिस कर्मी वहां पहुंचे। संजय और नरेन्द्र ने तीनों से सडक़ पर खड़े होने का कारण पूछा। बबली ने पुलिस को बताया कि बिजली गुल होने पर वे बिजली विभाग के कर्मचारियों का इंतजार कर रहे हैं। इस बात पर संजय व नरेंद्र ने लाठी से बबली और नितेश की पिटाई कर दी। बबली ने खुद को गांव का पंच बताया, लेकिन संजय और नरेन्द्र ने दोनों को नेतागीरी करने की बात पर और पीटा। देर रात शिकायत लेकर बबली, असलम खान और नितेश सिविल लाइन थाने पहुंचे। पुलिस ने तीनों को सोमवार सुबह मुलाहिजा कराने और कार्रवाई करने का आश्वासन देकर भेज दिया। सोमवार सुबह बबली, असलम और नितेश का मुलाहिजा करवाने के बाद पुलिस ने उन्हें एक घंटे तक थाने में बिठाए रखा। कार्रवाई नहीं होने पर बबली ने मामले की शिकायत एसपी व आईजी से करते हुए पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

हवलदार व आरक्षक द्वारा मारपीट करने की शिकायत मिली है। शिकायत लेकर जांच की जा रही है। जांच के बाद वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
भवानी शंकर खूंटिया, थाना प्रभारी सिविल लाइन