25 अप्रैल 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

रोमांस बना हादसे की वजह! छत पर साथ बैठे थे दोनों… तीसरी मंजिल से गिरे युवक-युवती, लड़के की हुई मौत

Bilaspur Accident News: बिलासपुर में देर रात हुए दर्दनाक हादसे में तीसरी मंजिल से गिरने पर एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी गर्लफ्रेंड गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद इसे आत्महत्या नहीं बल्कि हादसा बताया है।

2 min read
Google source verification
रोमांस बना हादसे की वजह! छत पर साथ बैठे थे दोनों... तीसरी मंजिल से गिरे युवक-युवती, लड़के की हुई मौत(photo-patrika)

रोमांस बना हादसे की वजह! छत पर साथ बैठे थे दोनों... तीसरी मंजिल से गिरे युवक-युवती, लड़के की हुई मौत(photo-patrika)

Bilaspur Accident News: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में देर रात एक दर्दनाक हादसे ने सनसनी फैला दी। तीन मंजिला इमारत की छत से गिरने के कारण एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसकी गर्लफ्रेंड गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अभिलाषा परिसर की है, जहां शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का माना जा रहा था, लेकिन युवती के बयान के बाद इसे हादसा बताया जा रहा है।

Bilaspur Accident News: देर रात छत पर बैठे थे दोनों

जानकारी के मुताबिक 21 अप्रैल की रात चिरंजीव पांडे (23) और गरिमा सिंह (23) ब्लॉक नंबर 34 की छत पर मौजूद थे। दोनों पिछले करीब तीन वर्षों से रिलेशनशिप में थे और अक्सर एक-दूसरे से मिलते थे। घटना वाली रात दोनों ने शराब पी रखी थी और छत की रेलिंग के पास बैठकर बातचीत कर रहे थे।

संतुलन बिगड़ने से हुआ हादसा

बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान अचानक चिरंजीव का संतुलन बिगड़ गया। वह रेलिंग पर बैठा हुआ था और इसी दौरान नीचे गिरने लगा। उसे बचाने की कोशिश में गरिमा भी संतुलन खो बैठी और दोनों एक साथ तीसरी मंजिल से नीचे जा गिरे।

रातभर पड़े रहे घायल, सुबह हुई जानकारी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना रात करीब 3 बजे की है। गिरने के बाद दोनों गंभीर रूप से घायल अवस्था में वहीं पड़े रहे। चिरंजीव कुछ समय तक दर्द से कराहते हुए मदद के लिए आवाज लगाता रहा, लेकिन देर रात होने के कारण किसी को घटना की जानकारी नहीं मिल सकी। सुबह करीब 6 बजे स्थानीय लोगों ने दोनों को देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल में युवक को मृत घोषित किया गया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद चिरंजीव पांडे को मृत घोषित कर दिया। उसके सिर में गंभीर चोट आने के कारण मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। वहीं गरिमा सिंह की कमर और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

आत्महत्या नहीं, हादसा: पुलिस

घटना के बाद शुरुआती जांच में पुलिस इसे आत्महत्या मान रही थी। हालांकि, अस्पताल में होश आने के बाद गरिमा सिंह ने बयान दिया कि चिरंजीव नशे की हालत में रेलिंग पर बैठा था और अचानक संतुलन बिगड़ने से गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में वह भी नीचे गिर गई। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला हादसे का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही है।

दोनों निजी कंपनियों में थे कार्यरत

चिरंजीव पांडे चोला मंडलम फाइनेंस कंपनी में कार्यरत था और साथ ही जोमैटो में डिलीवरी बॉय का काम भी करता था। वहीं गरिमा सिंह एक निजी मैट्रिमोनियल कंपनी में कार्यरत थी। दोनों के बीच गहरा संबंध था और अक्सर साथ समय बिताते थे।

क्षेत्र में पसरा मातम, जांच जारी

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और स्तब्धता का माहौल छा गया है। स्थानीय लोग घटना से गहरे सदमे में हैं, वहीं पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है, ताकि हादसे की वास्तविक परिस्थितियों का पूरी तरह खुलासा हो सके।