
बिलासपुर . सीवरेज की तरह की नगर-निगम की एक और कंपनी काम में फेल होती दिख रही है। ठेका कंपनी स्पेरोटेक के राजस्व वसूली में फिसड्डी होने के बाद भी निगम प्रशासन रांची की ठेका कंपनी पर कार्रवाई करने के बजाए नोटिस-नोटिस का खेल-खेल रहा है।कंपनी को एक बार फिर लक्ष्य के मुताबिक वसूली न करने पर नोटिस जारी किया है। वित्तीय वर्ष 2017-18 के लिए संपत्ति और समेकित कर के लिए कंपनी को 24 करोड़ 75 लाख रुपए के राजस्व वसूली का टारगेट दिया गया था। कंपनी के कर्मचारियों ने छह माह में महज 7 करोड़ 10 लाख रुपए ही वसूल किए। अभी तक की कुल वसूली 9 करोड़ 60 लाख तक पहुंची है जिसमें से ढाई करोड़ रु़पए निगम के राजस्व अमले ने वसूल किए हैं। नगरीय प्रशासन मंत्रालय ने निकायों में राजस्व वसूली का ठेका निजी कंपनियों को दे रखा है। बिलासपुर नगर निगम में राजस्व वसूली का कार्य रांची की स्पेरोटेक कंपनी को दिया गया है। निगम प्रशासन द्वारा जारी टारगेट के मुताबिक संपत्ति और समेकित कर मद में 24 करोड़ 75 लाख रुपए, जलकर 5 करोड़ 32 लाख रुपए और यूजर चार्ज समेत करीब 35 करोड़ की वसूली का लक्ष्य दिया गया है।
कंपनी ने वित्तीय वर्ष 1 अप्रैल 2017 के बजाए 15 जून से यहां काम करना शुरू किया तब तक निगम के राजस्व अमले द्वारा 24 करोड़ 75 लाख के टारगेट के मुकाबले 2.50 करोड़ वसूल कर चुका था। काम संभालने के बाद कंपनी ने निगम अमले की मदद से संपत्ति और समेकित कर मद में महज 7 करोड़ 10 लाख रुपए ही अभी तक वसूल किए हैं। निगम के जलकर का टारगेट 5 करोड़ 32 लाख के लगभग है जिसमें से कंपनी के द्वारा अभी तक महज 1 करोड़ 95 लाख की वसूली ही की जा सकी है। निगम प्रशासन ने यूजर चार्ज के लिए कोई लक्ष्य ही तय नहीं किया है, कंपनी ने विवाह भवन और घर-घर कचरा संकलन मद में विभिन्न वार्डों के रहवासियों और विवाह घर तथा हॉटल संचालकों से 4 करोड़ 66 लाख रुपए वसूल किए हैं।
88 फीसदी वसूली फिर भी ठेका : वित्तीय वर्ष 2016-17 में निगम के राजस्व अमले ने कुल टारगेट के मुकाबले 88 फीसदी वसूली की थी। इसके बाद भी नगरीय प्रशासन विभाग ने अन्य निकायों की तरह बिलासपुर नगर निगम के राजस्व वसूली का ठेका भी रांची के स्पेरोटेक कंपनी को दे दिया।
तीन माह में वसूलने हैं 25 करोड़ रुपए : वित्तीय वर्ष की समाप्ति में अब महज 3 माह ही बचे हैं। इन तीन महिनों में स्पेरोटेक कंपनी को कर दाताओं से 24 करोड़ 75 लाख रुपए वसूल करना है।
निगम का अमला कर रहा ठेका कंपनी की बेगारी : निगम प्रशासन के अफसर रांची की कंपनी पर इस कदर मेहरबान क्यों है इसको लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। माहवार लक्ष्य पूर्ण न करने पर निगम प्रशासन ने पिछले माह भी कंपनी को नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद वसूली की स्थिति में सुधार नहीं आया जबकि निगम का पूरा अमला वसूली कार्य, शिविर से लेकर कागजी कार्रवाई और तो और निगम के कंप्यूटर आपरेटर ही पूरा खाका तैयार कर कंपनी को दे रहे हैं।
ठेके से बिगड़ी नगर निगम की आर्थिक स्थिति : लक्ष्य के मुताबिक राजस्व वसूली न होने की वजह से निगम को आर्थिक विपन्नता के दौर से गुजरना पड़ रहा है। निगम के पास अफसरों और कर्मचारियों को वेतन देने तक के लिए फंड नहीं है। अफसरों को दो माह और कर्मचारियों को एक माह का वेतन अभी तक नहीं मिल सका है।
कंपनी को 12 दिसंबर को दिया गया है नोटिस : निर्धारित लक्ष्य के मुताबिक वसूली न करने पर स्पेरोटेक कंपनी 12 दिसंबर को नोटिस जारी किया गया है। कंपनी को शह देने जैसी कोई बात नहीं यदि वसूली नहीं सुधरी तो कार्रवाई कर अपने अमले से वसूली कराई जाएगी। बेगारी की बात नहीं है कंपनी के सहयोग के लिए निगम का अमला लगाया गया है।
पूर्णिमा श्रीवास्तव, राजस्व अधिकारी नगर निगम बिलासपुर
Published on:
15 Dec 2017 12:48 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
