
Weather Report : बदलते मौसम की हैरान करने वाली रिपोर्ट... पहाड़ों को तपा रही लू, बदल रहा लोगों का व्यवहार
जयंत कुमार@बिलासपुर.weather report : गर्मी में मैदान ही नहीं, पहाड़ भी तप रहे हैं। इसके कारण लोगों का व्यवहार बदल रहा है। इसका खुलासा पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट में कहा गया कि तापमान में वृद्धि के कारण चिंता, घबराहट और व्यवहार परिवर्तन के मामलों में वृद्धि हुई है। वहीं गर्मी में लू की आवृत्ति में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।
वर्ष 2018 से 2022 तक के आंकड़ों के मुताबिक देश के अधिकतर राज्यों में लू की आवृत्ति और औसत दिनों की संख्या में कई गुना बढ़ोतरी हुई। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में लू के औसत दिनों की संख्या में 2021 की तुलना में 2022 में करीब छह गुना की बढ़ोतरी दर्ज की गई। हैरानी की बात है कि लोग गर्मी से बचने के लिए पहाड़ों की ओर रुख करते हैं, लेकिन अब पहाड़ी इलाकों में भी लू चलने लगी है। आंकड़ों के मुताबिक 2022 में पूरे देश की तुलना में उत्तराखंड में सबसे ज्यादा दिन लू का प्रकोप रहा। यहां 28 दिन लू चली। वहीं सर्वाधिक गर्म राज्य राजस्थान में 26 दिन लू चली। ऐसे में लू अब पहाड़ी इलाकों को भी तपाने लगी है।
कम हो रही ठंडे दिन और रात की संख्या
पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की ओर से प्रकाशित पुस्तक भारतीय क्षेत्र में जलवायु परिवर्तन के आकलन में कहा गया कि ग्रीन हाउस गैसेज, एरोसोल में वृद्धि तथा लैंड यूज व लैंड कवर में होने वाले परिवर्तनों के कारण तापमान में वृद्धि हो रही है। इसका असर देश में देखा जा रहा है। वर्ष 1951 के बाद से ठंडे दिन और रात की संख्या में काफी कमी आई है।
असमान्य ताप से मानव शरीर पर सीधा प्रभाव पड़ता है। मृत्यु दर व तापमान में सीधा संबंध है। इसकी चपेट में बुजुर्ग ज्यादा आते हैं।
-डॉ. बी.पी. सिंह, डायरेक्टर प्रोफेसर सिम्स, बिलासपुर
प्रदूषण बढ़ने, वातावरण में कार्बन की बढ़ोतरी, कंक्रीट के मकान, फैक्ट्रियों व वाहनों की बढ़ती संख्या लू को बढ़ाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। -एच.पी. चंद्रा, मौसम विज्ञानी, रायपुर
(पंजाब, हरियाणा में 24 दिन, दिल्ली में 17, यूपी व झारखंड में 18 दिन लू चली।)
यह भी है असर... लू के कारण शरीर में डी-हाइड्रेशन, ऐंठन, थकावट का असर होता है। भोजन खराब होने के कारण फूड प्वाइजनिंग के मामले भी बढ़ते हैं।
Published on:
15 May 2023 12:37 pm
बड़ी खबरें
View Allबिलासपुर
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
