
आशा भोसले को लेकर पोते ने किया खुलासा (Photo Source- Instagram)
Asha Bhosle grandson Chintu Bhosle: साल 2026 में कई सितारों ने दुनिया को अलविदा कहा, इसी लिस्ट में सुरों की मल्लिका आशा भोसले का भी नाम है। उन्होंने 92 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है। ऐसे में उनके पोते चिंटू भोसले (चैतन्य भोंसले) लगातार अपनी दादी को लेकर कई खुलासे कर रहे हैं। हाल ही में वह रियलिटी शो 'इंडियन आइडल' में पहुंचे। इस शो के टीवी पर आने से पहले कई वीडियो सामने आ रहे हैं। रियलिटी शो में आशा भोसले के लिए एक विशेष सेगमेंट रखा गया है। जिसमें चिंटू भोसले ने कई खुलासे किए। जिन्हें सुनकर वहां मौजूद हर शख्स की आंखें नम भी हुईं और चेहरे पर मुस्कान भी आ गई।
चिंटू भोंसले ने एक लाइव कॉन्सर्ट का बेहद मजेदार वाकया सुनाया। उन्होंने बताया कि आखिर क्यों एक बार उनकी दादी ने उन्हें अपना बॉयफ्रेंड कहा था। चिंटू भोसले ने हंसते हुए बताया, "एक शो के दौरान दादी ने मुझसे कहा कि मैं तुम्हारा परिचय दूंगी, तुम बस चुप रहना। मैंने कहा ठीक है। इसके बाद उन्होंने मंच से लाइव ऑडियंस से कहा- 'अब स्टेज पर मेरा बॉयफ्रेंड आने वाला है और हम दोनों साथ में गाना गाएंगे।' दादी की यह बात सुनकर दर्शक हैरान भी हुए और बेहद खुश भी। इसके बाद हमने साथ में गाना गाया, थोड़ा डांस किया और फिर दादी ने हंसते हुए दर्शकों को सच बताया कि ये मेरा बॉयफ्रेंड नहीं, मेरा पोता है। उनका यह मजाकिया अंदाज दर्शकों का दिल जीतने के लिए काफी था।
एक और यादगार पल शेयर करते हुए चिंटू ने बताया कि भले ही दादी ने 83 साल संगीत की दुनिया पर राज किया, लेकिन मंच पर जाने से पहले वह भी आम कलाकारों की तरह नर्वस होती थीं। चिंटू ने याद किया, "हम दोनों बैकस्टेज खड़े थे और उनके नाम की घोषणा होने वाली थी। अचानक उन्होंने मेरा हाथ कसकर पकड़ लिया। मैंने डरकर पूछा- 'दादी क्या हुआ? सब ठीक है ना?' इस पर उन्होंने मुझे घूरकर देखा और कहा- 'क्या मतलब सब ठीक है? मैं बस नर्वस हो रही हूं।' मुझे तब अहसास हुआ कि इतने बड़े मुकाम पर होने के बाद भी वह मंच को कितना सम्मान देती थीं। हालांकि, जैसे ही वह स्टेज पर गईं, उनकी सारी घबराहट गायब हो गई और उन्होंने अपने प्रदर्शन से जादू बिखेर दिया।"
आपको बता दें कि संगीत जगत की इस महान विभूति ने 12 अप्रैल को इस दुनिया को अलविदा कह दिया था। अत्यधिक कमजोरी और सीने में संक्रमण के चलते उन्हें 11 अप्रैल को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मल्टीपल ऑर्गन फेल्योर (कई अंगों के काम बंद करने) की वजह से 92 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया। आशा भोंसले अपने पीछे 83 वर्षों की एक ऐसी ऐतिहासिक संगीतमय विरासत छोड़ गई हैं, जो आने वाली कई पीढ़ियों का मार्गदर्शन करती रहेगी।
Published on:
17 May 2026 11:44 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
