
बादशाह के लिए टटीरी गाना बना मुसीबत
Badshah Tateeree Controversy Deepens As Haryana Police Remove 857 Links: बॉलीवुड और म्यूजिक इंडस्ट्री में इन दिनों गानों के बोल (लिरिक्स) को लेकर छिड़ा विवाद अब कानूनी लड़ाई का रूप ले चुका है। सिंगर बादशाह का गाना ‘टटीरी’ और नोरा फतेही का गाना ‘सरके चुनर’ इस वक्त पुलिस और प्रशासन की रडार पर हैं। मर्यादा लांघने और महिलाओं के लिए आपत्तिजनक भाषा के इस्तेमाल के आरोपों के बाद, इन गानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से पूरी तरह साफ करने की तैयारी शुरू हो गई है। प्रशासन ने अब कड़ा रुख अपना लिया है।
हरियाणा में बादशाह के गाने 'टटीरी' को लेकर गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस गाने के खिलाफ राज्य में एक-दो नहीं, बल्कि कई FIR दर्ज की गई हैं। मामला तब और पेचीदा हो गया जब हरियाणा राज्य महिला आयोग द्वारा बार-बार समन भेजे जाने के बावजूद बादशाह अदालत या आयोग के सामने पेश नहीं हुए। इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए अब उनकी गिरफ्तारी तक की मांग उठने लगी है। प्रशासन का साफ संदेश है कि स्टारडम की आड़ में कानून और सामाजिक मर्यादा का मजाक नहीं उड़ाया जा सकता।
विवादित कंटेंट को फैलने से रोकने के लिए पंचकूला पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, पुलिस ने अलग-अलग सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के साथ तालमेल बिठाकर अब तक इस गाने से जुड़े कुल 857 लिंक इंटरनेट से हटवा दिए हैं। इनमें 154 यूट्यूब वीडियो और 703 इंस्टाग्राम रील्स व शॉर्ट वीडियो शामिल हैं। यह कदम इसलिए उठाया गया है ताकि विवादित बोलों वाला यह गाना किसी भी रूप में जनता के बीच न रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह कानूनी प्रक्रिया के तहत की जा रही है। सभी डिजिटल प्लेटफॉर्म को नोटिस जारी कर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि इस गाने का कोई भी वर्जन, चाहे वह दोबारा अपलोड किया गया वीडियो हो या शॉर्ट रील, उसे तुरंत हटाया जाए। इस सख्ती का मुख्य मकसद उस कंटेंट पर रोक लगाना है जिसमें महिलाओं और नाबालिगों को निशाना बनाने वाली या उनके लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया गया हो।
बादशाह के साथ-साथ नोरा फतेही का गाना ‘सरके चुनर’ भी अपनी विवादित भाषा के कारण यूट्यूब से पहले ही हटाया जा चुका है। इंडस्ट्री में अब इस बात पर बहस तेज हो गई है कि क्या मेकर्स सिर्फ 'व्यूज' और 'ट्रेंड' के चक्कर में अपनी सामाजिक जिम्मेदारी भूल रहे हैं? हरियाणा पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई ने अन्य कलाकारों और म्यूजिक कंपनियों को भी कड़ा संकेत दिया है कि अगर कंटेंट में शालीनता नहीं होगी, तो उसे डिजिटल दुनिया से मिटाने में देर नहीं लगेगी।
Updated on:
23 Mar 2026 02:41 pm
Published on:
23 Mar 2026 02:34 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
