
रमाकांत दायमा का निधन
Chak De India actor Ramakant Dayma passes away: मनोरंजन जगत से एक बेहद दुखी करने वाली खबर सामने आई है। टीवी और सिनेमा जगत के जाने-माने और मंझे हुए अभिनेता रमाकांत दायमा का निधन हो गया है। मंगलवार, 26 मई को 69 साल की उम्र में उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया है। बताया जा रहा है कि वह पिछले काफी समय से गंभीर रूप से बीमार चल रहे थे। ऐसे में उनके जाने से पूरी फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
रमाकांत दायमा के निधन की पुष्टि उनकी करीबी दोस्त और को-स्टार शुभांगी लटकर ने सोशल मीडिया पर दी। शुभांगी ने इंस्टाग्राम पर एक्टर रमाकांत का एक बेहद प्यारा और पुराना वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह पूरी जिंदादिली के साथ गाते और थिरकते नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो को शेयर करते हुए शुभांगी ने एक बेहद भावुक कर देने वाला नोट लिखा, जिसे पढ़कर किसी की भी आंखें नम हो सकती हैं। उन्होंने लिखा, "आज हमने एक बेहद खूबसूरत इंसान को खो दिया और मेरे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। रमाकांत जी सिर्फ मेरे एक बेहतरीन को-स्टार नहीं, बल्कि मेरे पारिवारिक मित्र थे। वह ऊर्जा और जिंदगी से भरपूर इंसान थे, जो हर मुश्किल के बाद भी मुस्कुराना जानते थे। वह एक कमाल के डांसर, बेहतरीन सिंगर और मेरे लिए एक सच्चे मार्गदर्शक थे।"
शुभांगी ने अपनी पोस्ट में इस बात का भी जिक्र किया कि दोनों साथ में दोबारा काम करने की प्लानिंग कर रहे थे। उन्होंने लिखा, "हम दोनों सालों बाद एक हिंदी नाटक में साथ काम करने वाले थे। जब मैंने उनसे इस बारे में बात की, तो उन्होंने मुस्कुराकर कहा था- 'बस मुझे थोड़ा जल्दी ठीक हो जाने दो।' हम मंच पर कुछ बेहतरीन कविताएं भी पेश करना चाहते थे, लेकिन वह सपना अब अधूरा ही रह गया। कुछ नुकसान जिंदगी में ऐसा सन्नाटा दे जाते हैं, जिसे शब्दों में नहीं ढाला जा सकता।"
रमाकांत दायमा का जन्म 13 सितंबर 1956 को हुआ था। भले ही वह मुख्य किरदारों में कम नजर आए हों, लेकिन अपने छोटे और संजीदा किरदारों से उन्होंने दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई थी। उन्होंने शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म 'चक दे इंडिया', अक्षय कुमार की 'राम सेतु', सिद्धार्थ मल्होत्रा की 'ब्रदर्स' और मशहूर वेब सीरीज 'स्कैम 1992: द हर्षद मेहता स्टोरी' जैसे बड़े प्रोजेक्ट्स में काम किया था।
फिलहाल उनके निधन की सटीक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन इंडस्ट्री के तमाम छोटे-बड़े कलाकारों और उनके फैंस ने सोशल मीडिया के जरिए उन्हें श्रद्धांजलि दी है और उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
Published on:
26 May 2026 01:34 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
