
दलेर मेहंदी का पुराना वीडियो हुआ वायरल (Photo Source- Instagram/@@thedalermehndiofficial)
Daler Mehndi Video before Uttarakhand Event: उत्तराखंड में आयोजित कुंजापुरी मेले के दौरान मशहूर गायक दलेर मेहंदी (Daler Mehndi) और राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के बीच हुई तीखी बहस का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंच पर विधायक द्वारा गायक पर ठीक से न गा पाने और नशे में होने के आरोप लगाने के बाद से यह विवाद सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है। अब इस बीच, इस पूरे हंगामे और विवाद से ठीक पहले का दलेर मेहंदी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह खुद मंत्री सुबोध उनियाल का आभार व्यक्त करते हुए नजर आ रहे हैं।
दलेर मेहंदी का उत्तराखंड इवेंट से पहले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें वह अपने 18 अक्टूबर 2026 को होने वाले इवेंट की जानकारी देते नजर आ रहे हैं। जिसमें वह उत्साहित और खुश नजर आ रहे हैं। साथ ही वह अपने फैंस को आगामी कार्यक्रम के लिए आमंत्रित करते दिखे थे।
दलेर मेहंदी वीडियो में कह रहे हैं, "सत श्री अकाल मैं हूं और मैं आ रहा हूं आपके शहर नरेंद्र नगर… 18 अक्टूबर 2026, आप हो जाएंगे तैयार, होगी गीतों की बौछार। मैं माननीय कैबिनेट मंत्री श्री सुबोध उनियाल जी एवं श्री राजेंद्र विक्रम सिंह पवार जी माननीय अध्यक्ष एवं उत्तराखंड सरकार का बहुत-बहुत धन्यवाद करता हूं। आप सब आ जाइए नरेंद्र नगर 18 तारीख को, मैं कर रहा हूं आपका इंतजार, बल्ले बल्ले।"
यह वीडियो उस समय का है जब कार्यक्रम से पहले सब कुछ सामान्य था और गायक ने उत्तराखंड सरकार एवं मंत्री सुबोध उनियाल का उन्हें इस भव्य सांस्कृतिक आयोजन में आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद किया था। लेकिन किसी को यह अंदाजा नहीं था कि जिस मंच पर वह आभार जता रहे हैं, उसी मंच पर कुछ ही घंटों बाद दोनों के बीच ऐसा टकराव देखने को मिलेगा जो एक बड़े विवाद का रूप ले लेगा।
बता दें, 18 अक्टूबर को हुए इस कार्यक्रम के दौरान जब दलेर मेहंदी स्टेज पर प्रस्तुति दे रहे थे, तब उनकी अस्वस्थता और ठीक से न गा पाने के कारण मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर आ गए थे और उन्होंने सार्वजनिक रूप से आपत्ति जताते हुए गायक पर नशे में होने का आरोप लगा दिया था।
इस घटना के बाद से ही सोशल मीडिया पर एक तरफ जहां बहस छिड़ गई है, वहीं दूसरी तरफ मीका सिंह, अनुपम खेर और हरजीत मेहंदी सहित कई दिग्गज कलाकारों और परिवार के सदस्यों ने आगे आकर दलेर मेहंदी का जोरदार बचाव किया है। परिवार और साथी कलाकारों का कहना है कि दलेर की हाल ही में सर्जरी हुई थी और स्वास्थ्य ठीक न होने के बावजूद उन्होंने अपना कमिटमेंट पूरा किया था। सामने आया यह पुराना वीडियो अब इस बात की गवाही दे रहा है कि शुरुआत में सब कुछ कितनी सकारात्मकता के साथ तय हुआ था, जो बाद में दुर्भाग्यपूर्ण मोड़ ले बैठा।
Updated on:
22 Oct 2026 11:00 am
Published on:
22 Oct 2026 10:31 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
