
धुरंधर डे 5 कलेक्शन
Dhurandhar 2 Box Office Collection Day 5: बॉलीवुड के 'पावरहाउस' कहे जाने वाले रणवीर सिंह इन दिनों सातवें आसमान पर हैं। उनकी हालिया रिलीज फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर किसी चक्रवात की तरह आगे बढ़ रही है और कमाई के ऐसे आंकड़े पेश कर रही है जिसे देख बड़े-बड़े फिल्म पंडितों के पसीने छूट गए हैं। फिल्म को रिलीज हुए अभी महज 5 दिन ही हुए हैं, लेकिन इसने वो कारनामा कर दिखाया है जिसे करने में बड़ी-बड़ी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को हफ्तों लग जाते हैं।
अक्सर देखा जाता है कि वीकेंड के बाद सोमवार आते ही फिल्मों की कमाई में भारी गिरावट आती है, लेकिन 'धुरंधर 2' के साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ। ट्रेड एनालिस्ट 'सैकनिल्क' (Sacnilk) की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म ने अपने पांचवें दिन यानी पहले सोमवार को करीब 65 करोड़ रुपये का जबरदस्त कलेक्शन किया है। वर्किंग डे होने के बावजूद सिनेमाघरों में दर्शकों की भीड़ कम होने का नाम नहीं ले रही है।
इस धुआंधार कमाई के साथ ही फिल्म ने भारत में 519.12 करोड़ रुपये का जादुई आंकड़ा पार कर लिया है। हालांकि, ये आंकड़े अभी शुरुआती अनुमानों पर आधारित हैं और आधिकारिक नंबर आने पर इनमें थोड़ा फेरबदल हो सकता है, लेकिन इतना तय है कि फिल्म ने इतिहास रच दिया है।
निर्देशक आदित्य धर के विजन और भव्यता को पर्दे पर उतारने के लिए मेकर्स ने दिल खोलकर पैसा खर्च किया था। बताया जा रहा है कि फिल्म का कुल बजट लगभग 300 करोड़ रुपये है। हैरानी की बात यह है कि 'धुरंधर 2' ने अपनी लागत तो शुरुआती तीन दिनों के लंबे वीकेंड में ही वसूल कर ली थी। अब फिल्म जो भी कमा रही है, वह मेकर्स के लिए मुनाफा ही मुनाफा है।
फिल्म की सफलता का एक बड़ा श्रेय इसकी दमदार स्टारकास्ट को भी जाता है। रणवीर सिंह के साथ-साथ संजय दत्त का खौफनाक अंदाज, आर माधवन की संजीदगी और अर्जुन रामपाल का स्वैग दर्शकों को खूब भा रहा है। वहीं सारा अर्जुन, राकेश बेदी और दानिश इकबाल ने भी अपने किरदारों में जान फूंक दी है।
आदित्य धर का सस्पेंस और एक्शन का तालमेल लोगों को सीट से बांधे रखने में कामयाब रहा है।सोशल मीडिया पर फैंस इसे साल की सबसे बड़ी फिल्म बता रहे हैं। जिस रफ्तार से रणवीर सिंह की यह फिल्म आगे बढ़ रही है, उसे देखकर लगता है कि 1000 करोड़ का क्लब अब ज्यादा दूर नहीं है।
Published on:
24 Mar 2026 08:33 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
