फुटबॉल के मैदान में कभी चुस्ती-फुर्ती वाले खेल से तमाम दुनिया को दीवाना बनाने वाले अर्जेंटीना के फुटबॉलर डिएगो अरमांडो माराडोना ( Diego Maradona ) के देहांत के कुछ ही घंटों बाद उन पर बनी फिल्म 'डिएगो माराडोना' ( Diego Maradona Movie ) एक ओटीटी प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम होने लगी। पिछले साल कान फिल्म समारोह में इस फिल्म ने काफी सुर्खियां बटोरी थीं, क्योंकि माराडोना की शोहरत के उजाले के साथ-साथ यह ईमानदारी से उनकी जिंदगी के काले अध्यायों को भी पढऩे की कोशिश करती है। माराडोना मैदान में जितने तेज-तर्रार, चौकन्ने, जीनियस, असाधारण और अद्भुत थे, मैदान के बाहर नशाखोरी, कपड़ों की तरह प्रेमिकाएं बदलने और हद से ज्यादा गुस्से को लेकर उतने ही बदनाम थे। उनके यह काले-सफेद रूप डॉक्यूमेंट्री शैली की 'डिएगो माराडोना' में देखने को मिलते हैं। दो घंटे से लम्बी यह फिल्म लंदन में बसे भारतीय मूल के आसिफ कपाडिया ( Asif Kapadia ) ने बनाई थी। ये वही आसिफ कपाडिया हैं, जिन्होंने इरफान खान ( Irfan Khan ) को लेकर हिन्दी फिल्म 'द वॉरियर' (2001) बनाई थी। इसे बाफ्टा अवॉर्ड से नवाजा गया था। 'द वॉरियर' ( The Warrior ) का काफी हिस्सा राजस्थान में फिल्माया गया था।