6 जुलाई 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

लापता लोगों के मामले की जांच करते-करते खुद रहस्यमयी तरीके से गायब हुए जसवंत सिंह खालरा, अब ‘सतलुज’ में नजर आ रही कहानी

Jaswant Singh Khalra Satluj Controversy: दिलजीत दोसांझ की फिल्म सतलुज को लेकर इन दिनों काफी विवाद हो रहा है। अब उनकी फिल्म ओटीटी से हटा दी गई है। चलिए जानते हैं कौन थे जसवंत सिंह खालरा?
3 min read
Google source verification
Jaswant Singh Khalra

Jaswant Singh Khalra Satluj Controversy: पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज' इन दिनों सिर्फ अपनी कहानी की वजह से नहीं, बल्कि उससे जुड़े विवादों के कारण भी लगातार चर्चा में है। पहले सेंसर बोर्ड के साथ लंबे समय तक चली खींचतान, फिर फिल्म का नाम बदलना और अब ओटीटी प्लेटफॉर्म से इसे हटाए जाने की खबर ने दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है। लेकिन इन सबके बीच एक सवाल सबसे ज्यादा पूछा जा रहा है- आखिर जसवंत सिंह खालरा कौन थे, जिनकी जिंदगी पर ये फिल्म आधारित है?

जसवंत सिंह खालरा कोई अभिनेता, नेता या मशहूर हस्ती नहीं थे। वो पंजाब के एक ऐसे मानवाधिकार कार्यकर्ता थे, जिन्होंने उन मामलों को सामने लाने की कोशिश की जिन पर उस दौर में खुलकर बात करना आसान नहीं था। यही वजह है कि आज, कई दशक बाद भी उनका नाम न्याय और मानवाधिकारों की लड़ाई के प्रतीक के रूप में लिया जाता है।

बैंक की नौकरी छोड़ चुना मानवाधिकारों का रास्ता

जसवंत सिंह खालरा का जन्म वर्ष 1952 में पंजाब के अमृतसर जिले के खालरा गांव में हुआ था। शुरुआती जीवन बेहद सामान्य रहा। उन्होंने बैंक में नौकरी की और लंबे समय तक एक आम नागरिक की तरह जीवन बिताया। लेकिन 1980 और 1990 के दशक में पंजाब के हालात तेजी से बदल रहे थे। उग्रवाद, पुलिस कार्रवाई और लगातार हो रही हिंसा ने राज्य को अस्थिर कर दिया था।

बताया जाता है कि ऑपरेशन ब्लू स्टार, तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या और उसके बाद हुए 1984 के सिख विरोधी दंगों ने खालरा को अंदर तक झकझोर दिया। इसी दौरान कई परिवार अपने लापता परिजनों की तलाश में भटक रहे थे। इन घटनाओं ने उन्हें मानवाधिकारों के क्षेत्र में सक्रिय होने के लिए प्रेरित किया।

जब दस्तावेजों ने खोले कई सवाल

खालरा ने उन मामलों की पड़ताल शुरू की जिनमें लोगों के लापता होने की शिकायतें सामने आ रही थीं। जांच के दौरान उन्होंने अमृतसर नगर निगम के रिकॉर्ड और दूसरे दस्तावेजों का अध्ययन किया। उनकी पड़ताल में ऐसे रिकॉर्ड सामने आए, जिनके आधार पर उन्होंने दावा किया कि बड़ी संख्या में अज्ञात शवों का अंतिम संस्कार किया गया था और इन मामलों में कई परिवारों को अपने परिजनों की जानकारी तक नहीं मिल सकी।

उनके इन खुलासों ने देश ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ध्यान खींचा। मानवाधिकार संगठनों ने भी इस विषय पर रुचि दिखाई और पंजाब के उस दौर पर नई बहस शुरू हो गई।

सच की तलाश करने वाला खुद हो गया लापता

विडंबना ये रही कि जिन लोगों के गायब होने की जांच जसवंत सिंह खालरा कर रहे थे, कुछ समय बाद उनके साथ भी ऐसा ही हुआ। वर्ष 1995 में वो अपने घर के बाहर आखिरी बार दिखाई दिए। इसके बाद वो रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए।

बाद में इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपी गई। जांच एजेंसी ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि खालरा को कथित तौर पर अवैध रूप से हिरासत में रखा गया था और बाद में उनकी हत्या कर दी गई। इसके आधार पर कई पुलिस अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

लंबी कानूनी लड़ाई के बाद आया फैसला

ये मामला तक अदालतों में चलता रहा। आखिरकार पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने वर्ष 2007 में इस केस में दोषी ठहराए गए चार पूर्व पुलिस अधिकारियों की सजा बढ़ाते हुए उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई। यह फैसला भारतीय न्यायिक इतिहास के चर्चित मामलों में शामिल माना जाता है।

हालांकि खालरा की मौत के बाद भी उनके परिवार ने न्याय की लड़ाई जारी रखी। उनकी पत्नी परमजीत कौर खालरा ने भी मानवाधिकारों के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाई और अपने पति के अधूरे मिशन को आगे बढ़ाने का प्रयास किया।

क्यों चर्चा में है 'सतलुज'?

निर्देशक हनी त्रेहान की फिल्म पहले 'पंजाब 95' नाम से बनाई गई थी। लेकिन रिलीज से पहले इसे सेंसर बोर्ड के साथ लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म में बड़ी संख्या में बदलाव सुझाए गए, जिसके बाद इसका नाम बदलकर 'सतलुज' कर दिया गया।

फिल्म में दिलजीत दोसांझ ने जसवंत सिंह खालरा से प्रेरित किरदार निभाया है। उनके साथ अर्जुन रामपाल, कंवलजीत सिंह, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओहल्यान भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।

ओटीटी से हटने के बाद फिर बढ़ी चर्चा

फिल्म रिलीज होने के कुछ समय बाद इसे भारत में ओटीटी प्लेटफॉर्म से हटा लिया गया, जिसके बाद सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई। कई लोगों ने फिल्म का समर्थन किया तो कई लोगों ने इसके विषय को लेकर अलग-अलग राय रखी। खुद दिलजीत दोसांझ ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर कर जसवंत सिंह खालरा को श्रद्धांजलि दी और उनके साहस को याद किया।

जसवंत सिंह खालरा की विरासत

आज भी जसवंत सिंह खालरा का नाम उन लोगों में लिया जाता है जिन्होंने अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया। उनकी कहानी केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन सवालों की भी है जो न्याय, मानवाधिकार और जवाबदेही से जुड़े हैं। यही कारण है कि उनकी जिंदगी पर बनी फिल्म 'सतलुज' सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि इतिहास के एक संवेदनशील अध्याय को समझने का प्रयास भी मानी जा रही है।