
बॉलीवुड के फेमस एक्टर कबीर बेदी
Kabir Bedi On Personal Life: बॉलीवुड का वो एक्टर जो अपनी एक्टिंग से ज्यादा लव लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहा है। उनकी 4 शादियां भी चर्चा का विषय रही हैं। हम बात कर रहे हैं इंडस्ट्री के हैंडसम हंक कहे जाने वाले एक्टर कबीर बेदी की। जिन्होंने हिंदी सिनेमा से लेकर हॉलीवुड और यूरोप तक अपनी गहरी आवाज और शानदार व्यक्तित्व का लोहा मनवाया है। वह अब 80 साल के हो चुके हैं। ऐसे में उन्होंने अपनी पर्सनल जिंदगी को लेकर कई बातें बताई हैं।
दैनिक जागरण से बातचीत में कबीर बेदी ने कई बड़े राज खोले हैं। उन्होंने कहा कि उम्र केवल एक संख्या है। मुस्कुराते हुए कबीर बेदी ने कहा, "अपने दिमाग में मैं आज भी 60 साल का हूं। मेरी जिंदगी बहुत रोमांचक रही है और मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं कि मेरा करियर तीन महाद्वीपों- भारत, अमेरिका और इटली में फैला रहा है और मैं इन दिनों ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म्स पर ज्यादा काम करना चाहता हूं, क्योंकि मेरा मानना है कि ओटीटी के जरिए भारत में बना काम भी दुनिया के 200 देशों तक पहुंच जाता है।"
कबीर बेदी ने जानकारी दी कि पिछले एक साल में उन्होंने पांच अलग-अलग भाषाओं और देशों के प्रोजेक्ट्स शूट किए हैं। इनमें इतालवी, कनाडाई, हिंदी, कन्नड़ फिल्में और अमेजन की एक वेब सीरीज 'तीन कव्वे' शामिल है।
वहीं, कबीर बेदी के फेमस शो 'संदूकन' को भी 50 साल पूरे हो रहे हैं। उन्होंने याद किया कि इस शो ने उन्हें रातोंरात यूरोप का सुपरस्टार बना दिया था। इसी सफलता के दम पर उन्हें जेम्स बॉन्ड की फिल्म 'ऑक्टोपसी' (1983) में काम करने का मौका मिला। वे 25 साल भारत से बाहर रहे और इटली ने उन्हें अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से भी नवाजा गया था।
कबीर बेदी का जन्म आजादी से ठीक एक साल पहले हुआ था। उनके माता-पिता दोनों स्वतंत्रता सेनानी थे। उन्होंने बताया, "मेरे पिता कम्युनिस्ट थे और मां महात्मा गांधी की अनुयायी थीं। गांधी जी ने खुद मेरी मां को सत्याग्रह के लिए चुना था। हमारे घर में अक्सर बड़े क्रांतिकारी और सेनानी आया करते थे, जिनसे मैंने संघर्ष की कहानियां सुनीं थीं।"
जब उनसे पूछा गया कि उनकी बायोपिक में कौन सा कलाकार होना चाहिए, तो उन्होंने हंसते हुए कहा कि यह निर्माताओं का काम है, लेकिन उन्हें बायोपिक बनने पर कोई आपत्ति नहीं है। अपनी फैन फॉलोइंग का एक मजेदार किस्सा शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि स्पेन में एक कार्यक्रम के दौरान एक महिला फैन ने सरेआम चिल्लाकर कह दिया था, "मैं तुमसे बच्चा चाहती हूं। यह खबर अगले दिन सुबह वहां के हर अखबार की हेडलाइन बन गई थी। वो दिन मैं कभी नहीं भूल सकता।"
Updated on:
18 Jan 2026 04:30 pm
Published on:
18 Jan 2026 04:30 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
