
नोरा फतेही के गाने के सपोर्ट में आई एक्ट्रेस रक्षिता
Nora Fatehi Sanjay Dutt New Song Controversy: फिल्म जगत में अक्सर बोल्ड गानों और उनके बोलों को लेकर बहस छिड़ती रहती है, लेकिन इस बार मामला कुछ ज्यादा ही गरमा गया है। फिल्म 'केडी द डेविल' का नया गाना 'सरके चुनर तेरी सरके' रिलीज होते ही विवादों के घेरे में आ गया है। इस गाने में संजय दत्त और नोरा फतेही की केमिस्ट्री दिखाई गई है, लेकिन दर्शकों के एक बड़े वर्ग ने इसके 'डबल मीनिंग' लिरिक्स और कोरियोग्राफी को 'भद्दा' बताते हुए सोशल मीडिया पर मोर्चा खोल दिया है। जहां गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है। वहीं डायरेक्टर की पत्नी अब इसके सपोर्ट में उतर गई हैं। उन्होंने ट्रोलर्स को करारा जवाब देते हुए कई सवाल खड़े किए हैं।
रक्षिता ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक के बाद एक कई पोस्ट शेयर किए। उन्होंने माना कि वह जानती हैं कि लोग उन्हें अलग-अलग पोस्ट में टैग कर रहे हैं और गाने की आलोचना कर रहे हैं। रक्षिता ने लिखा, "हां, मैंने सब देख लिया है। मुझे पता है कि क्या लिखा जा रहा है और क्या हो रहा है। सवाल यह नहीं है कि मैं इस गाने के पक्ष में हूं या खिलाफ, बल्कि सवाल यह है कि आखिर सिर्फ इसी गाने को लेकर इतना हंगामा क्यों?"
उन्होंने फिल्म इंडस्ट्री के दोहरे मापदंडों की बात करते हुए कहा कि जब 'चोली के पीछे', 'ड्रीमम वेकअपम' या 'पीलिंग्स' जैसे गाने आए थे, तब तो सब ठीक था। रक्षिता ने तंज कसते हुए पूछा कि जब पूरी-पूरी फिल्में सिर्फ शारीरिक संबंधों की बातों पर आधारित होती हैं, तब कोई सवाल क्यों नहीं उठाता? उन्होंने साफ किया कि वह गाने को सही नहीं ठहरा रही हैं, लेकिन वह जनता के इस चुनिंदा विरोध (Selective Outrage) को समझना चाहती हैं।
रक्षिता अपने पति प्रेम और फिल्म के डायरेक्टर के बचाव में मजबूती से खड़ी नजर आईं। उन्होंने कहा कि सिर्फ एक गाने या एक फिल्म के आधार पर किसी के पूरे करियर या टैलेंट पर सवाल उठाना गलत है। उन्होंने लिखा, "सिर्फ एक गाने की वजह से किसी को 'घटिया राइटर' कहना या यह कहना कि वह सब कुछ सिर्फ पब्लिसिटी के लिए करता है, सरासर गलत है। क्या आपके पास सवाल पूछने का हक है? बिल्कुल है। आप पूछ सकते हैं कि ऐसा गाना 'क्यों' बनाया? लेकिन आपको गाली देने का हक नहीं है।"
रक्षिता ने उन लोगों को भी आड़े हाथों लिया जो आलोचना की आड़ में निजी हमले और गालियां दे रहे हैं। उन्होंने एक अनजान महिला के भद्दे कमेंट का जिक्र करते हुए कहा कि मतभेदों को शालीनता से भी रखा जा सकता है, लेकिन इसे व्यक्तिगत स्तर पर ले जाना और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करना गलत है।
Updated on:
18 Mar 2026 09:19 am
Published on:
18 Mar 2026 08:46 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
