
कृति सेनन ने रक्षाबंधन विवाद को लेकर दिया बयान (Photo Source- Twitter/@Tiger3_SK)
Kriti Sanon React On Raksha Bandhan Controversy: बॉलीवुड की जानी-माने अभिनेत्री कृति सेनन (Kriti Sanon) एक बार फिर अपने पुराने विवाद के चलते सुर्खियों में आ गई हैं। उन्होंने उन ट्रोलर्स को जवाब दिया है। कृति सेनन ने रक्षाबंधन के बैकग्राउंड पर फिल्माया गया एक ज्वेलरी ब्रांड का विज्ञापन किया था। जिसमें उनके कपड़ो को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई थी। जिसे लेकर ब्रांड ने बाद में माफी मांगी थी और उस विज्ञापन को डिलीट कर दिया था। अब अभिनेत्री ने खुलकर उस मुद्दे पर बात की है और करारा जवाब दिया है।
कृति सेनन ने करीना कपूर खान के फेमस चैट शो 'व्हाट वीमेन वांट' (What Women Want) पर मेहमान बनकर पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने रक्षाबंधन कंट्रोवर्सी पर खुलकर बात की और अपनी भड़ास निकाली। उन्होंने बताया कि किस तरह उनके कपड़ों को एक राष्ट्रीय मुद्दा बना दिया गया था।
कृति ने शो के दौरान सोशल मीडिया ट्रोलिंग और उसकी मानसिकता पर बात करते हुए कृति ने कहा कि आम तौर पर वह इस तरह की नेगेटिव पर ध्यान नहीं देती हैं और न ही उन्हें किसी को सफाई देने की जरूरत महसूस होती है। लेकिन हाल ही में जो कुछ हुआ, उसने उन्हें अंदर तक हैरान कर दिया था।
हैरानी जताते हुए अभिनेत्री ने कहा, "यह कुछ ऐसा था जो हाल ही में हुआ, जहां मेरी चोली नेशनल डिबेट बन गई थी। मुझे यकीन ही नहीं हो रहा था कि प्राइम-टाइम न्यूज पर मेरी ड्रेस को लेकर छह लोगों का पैनल डिस्कशन चल रहा है। मैं बस यह सोच रही थी कि आखिर यह सब क्या हो रहा है?"
कृति ने कहा कि कोई भी व्यक्ति किसी आउटफिट को पसंद या नापसंद कर सकता है, यह उसकी अपनी राय हो सकती है, लेकिन जिस हद तक लोगों ने नफरत फैलाई, वह वाकई चिंताजनक था। उन्होंने दुख जताते हुए कहा कि जो लोग 'संस्कृति' और 'सम्मान' की बड़ी-बड़ी बातें कर रहे थे, वही लोग उनके माता-पिता और बहन की सोशल मीडिया पोस्ट पर सबसे भद्दी गालियां और गंदे कमेंट्स लिख रहे थे।
कृति ने यह भी शेयर किया कि उनकी बहन नूपुर सेनन ने उन्हें इंस्टाग्राम पर कमेंट्स बंद करने की सलाह दी थी। इस पर कृति का कहना था कि महिलाओं को हमेशा चुप रहने के बजाय अपने अधिकारों के लिए खुद खड़ा होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आखिर इन लोगों को यह अधिकार किसने दिया है कि वह हर छोटी बात पर महिलाओं को जज करें। महिलाओं की असल इच्छा यही होती है कि उन्हें बिना किसी फालतू दखलंदाजी के जीने दिया जाए और लोग अपने काम से काम रखें।
कृति सेनन के वर्क फ्रंट की बात करें तो, अभिनेत्री जल्द ही मैडॉक फिल्म्स के बैनर तले बनने वाली एक हॉरर कॉमेडी या हॉरर जॉनर की फिल्म में नजर आने वाली हैं, जिसे लेकर उनके फैंस में खासा उत्साह है। फिल्म का नाम अभी सामने नहीं आया है।
Updated on:
24 Oct 2026, 2:04 PM IST
Published on:
24 Oct 2026, 1:30 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.