
मौैनी रॉय ने किया पोस्ट
Mouni Roy Instagram: बॉलीवुड की फेमस एक्ट्रेस मे शुमार मौनी रॉय एक बार फिर सुर्खियों में हैं। उन्होंने एक भयानक किस्सा शेयर किया है। जिसमे उन्होंने बताया है कि उनके साथ हरियाणा में शर्मनाक और डरावनी घटना हुई। मौनी रॉय ने पोस्ट में अपना गुस्सा जाहिर किया और पूरा किस्सा बताया कि एक फैमिली इवेंट में वहां मौजूद आदमियों ने, जिनमें बुजुर्ग भी शामिल थे, उनके साथ छेड़छाड़ की और अश्लील हरकतें कीं।
मौनी रॉय ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर आपबीती सुनाई। इस खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया। एक्ट्रेस ने लिखा, "मैं करनाल में एक शादी समारोह या कह सकते हैं एक पारिवारिक कार्यक्रम में परफॉर्म करने गई थीं। जब मैं मंच की तरफ बढ़ रही थी, तो वहां मौजूद पुरुषों ने फोटो खिंचवाने के बहाने मेरी कमर पर हाथ रख दिया। हैरानी की बात यह है कि इनमें वो लोग भी शामिल थे जो मेरे दादा की उम्र के थे। जब मैंने उनसे विनम्रता से कहा कि 'सर, प्लीज अपना हाथ हटा लें', तो उन्हें यह बात बुरी लग गई और उन्होंने बदतमीजी शुरू कर दी।"
मौनी के मुताबिक, मंच पर पहुंचने के बाद स्थिति और भी खराब हो गई। उन्होंने बताया कि स्टेज के बिल्कुल पास खड़े दो बुजुर्ग उन्हें देखकर अश्लील इशारे कर रहे थे और गंदी गालियां दे रहे थे। मौनी ने लिखा, "वह मुझे अश्लील इशारे कर रहे थे। जब मैंने उन्हें रुकने का इशारा किया, तो उन्होंने मुझ पर गुलाब के फूल फेंकने शुरू कर दिए।
मैं इतनी परेशान हो गई कि बीच में ही परफॉर्मेंस छोड़कर जाने लगी थी, लेकिन एक कलाकार होने के नाते मैंने तुरंत खुद को संभाला और अपनी परफॉर्मेंस पूरी की। एक्ट्रेस ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि वहां मौजूद आयोजकों या परिवार के किसी भी सदस्य ने उन लोगों को रोकने या वहां से हटाने की कोशिश नहीं की।
मौनी ने एक और गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि मंच काफी ऊंचाई पर था और नीचे खड़े लोग गलत एंगल से उनके वीडियो बना रहे थे। जब किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो वे गालियां देने लगे। मौनी ने गुस्से में लिखा, "हम कलाकार किसी की खुशी में शामिल होने जाते हैं, हम वहां मेहमान होते हैं, लेकिन हमें इस तरह परेशान किया जाता है। मर्द होने का इतना घमंड! मुझे अपने देश और परंपराओं से प्यार है, लेकिन ऐसी घटिया हरकतें देखकर शर्म आती है।"
बेहद सदमे और अपमानित महसूस कर रही मौनी रॉय ने कहा कि वह अक्सर अपनी लाइफ की नेगेटिव बातें पोस्ट नहीं करतीं, लेकिन यह मामला बर्दाश्त से बाहर था। उन्होंने कहा, "अगर मुझ जैसी एक्ट्रेस को यह सब झेलना पड़ रहा है, तो मैं सोच भी नहीं सकती कि इंडस्ट्री में आने वाली नई लड़कियों के साथ क्या होता होगा। हम कलाकार सिर्फ ईमानदारी से अपनी रोजी-रोटी कमाने की कोशिश कर रहे हैं।"
Updated on:
24 Jan 2026 04:07 pm
Published on:
24 Jan 2026 03:55 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
