
Mumtaz On Marrying Bussinesman (सोर्स- एक्स)
Mumtaz On Marrying Bussinesman: हिंदी सिनेमा की दिग्गज अभिनेत्री मुमताज एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनकी कोई फिल्म नहीं, बल्कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ा एक अहम खुलासा है। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू में मुमताज ने अपनी शादी, करियर के सुनहरे दौर में फिल्मों से दूरी बनाने के फैसले और अपने पारिवारिक संस्कारों को लेकर कई दिलचस्प बातें साझा कीं। उनके बयान ने एक बार फिर उस दौर की सोच और आज के समाज के बीच के फर्क को सामने ला दिया है।
विक्की ललवानी से बात करते हुए मुमताज ने बताया कि जब उन्होंने गुजराती बिजनेसमैन मयूर माधवानी से शादी की थी, तब धर्म को लेकर उनके परिवार में कभी कोई मतभेद नहीं हुआ। उन्होंने साफ कहा कि उनके परिवार में हिंदू-मुस्लिम जैसी बातों को कभी अहमियत नहीं दी गई। उनके मुताबिक, परिवार ने हमेशा रिश्तों को इंसानियत के नजरिए से देखा, न कि धर्म के आधार पर।
अभिनेत्री ने ये भी बताया कि शादी के बाद उनसे कभी अपनी खानपान की आदतें बदलने के लिए नहीं कहा गया। हालांकि उनके पति शाकाहारी थे, लेकिन उन्होंने कभी मुमताज पर नॉन-वेज छोड़ने का दबाव नहीं बनाया। मुमताज के मुताबिक, उनके ससुराल में अलग-अलग खानपान के लिए अलग रसोइयों की व्यवस्था थी, जिससे उन्हें किसी तरह की असहजता महसूस नहीं हुई।
अपने करियर के शिखर पर फिल्मों से दूरी बनाने के फैसले पर बात करते हुए मुमताज ने बताया कि ये फैसला उन्होंने अकेले नहीं लिया था। उनकी मां, नानी और मौसी ने इस रिश्ते को मंजूरी दी थी और उन्हें शादी कर नई जिंदगी शुरू करने की सलाह दी थी। उस दौर में परिवार की राय को बहुत अहम माना जाता था और उन्होंने भी वही रास्ता चुना जो उनके परिवार ने सही समझा।
दिलचस्प बात यह भी है कि मुमताज के करियर के शुरुआती दौर में उन्हें कई बी-ग्रेड फिल्मों में काम करना पड़ा था। लेकिन जैसे ही उन्हें बड़े सितारों के साथ काम करने का मौका मिला, उनकी किस्मत बदल गई और वह इंडस्ट्री की सफल अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं। खासतौर पर उस दौर के सुपरस्टार्स के साथ उनकी जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया।
इंटरव्यू के दौरान मुमताज़ ने अभिनेता फिरोज खान के साथ अपने रिश्ते को लेकर चल रही पुरानी चर्चाओं पर भी विराम लगा दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दोनों के बीच हमेशा दोस्ती का रिश्ता ही रहा और कभी भी रोमांटिक संबंध नहीं थे। उन्होंने ये भी बताया कि दोनों के बीच अच्छी समझ की वजह उनकी साझा ईरानी पृष्ठभूमि थी।
Updated on:
23 Apr 2026 06:05 pm
Published on:
23 Apr 2026 06:04 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
