
O Romeo (सोर्स: X)
O Romeo Controversy: बॉलीवुड एक्टर शाहिद कपूर और डायरेक्टर विशाल भारद्वाज की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर धमाकेदार एंट्री करने के लिए तैयार है, लेकिन उनकी अपकमिंग फिल्म 'ओ रोमियो' (O Romeo) रिलीज से पहले ही विवादों में फस गई है। बता दे, फिल्म के टीजर ने जहां दर्शकों में उत्सुकता जगाई है, तो वहीं मुंबई के एक दिवंगत गैंगस्टर के परिवार ने मेकर्स के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है, जो अब फिल्म मेकर्स के लिए टेंशन बन गया है।
बता दें कि मुंबई के कुख्यात गैंगस्टर रहे हुसैन उस्तरा की बेटी सनोबर शेख ने फिल्म के निर्माता साजिद नाडियाडवाला और निर्देशक विशाल भारद्वाज को एक कानूनी नोटिस भेजा है, जिसमें सनोबर का दावा है कि फिल्म में शाहिद कपूर का लुक, अंदाज और हाव-भाव उनके दिवंगत पिता हुसैन उस्तरा से हूबहू मिलते हैं और उनका आरोप है कि मेकर्स ने बिना परिवार की अनुमति और जानकारी के बगैर उनके पिता के जीवन पर बेस्ड फिल्म बनाई है। इतना ही नहीं, इसी आधार पर सनोबर ने अपनी और अपने परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने का हवाला दिया और 2 करोड़ रुपये के मुआवजे की मांग की है और जब तक उनकी ये मांग पूरी नहीं होती तब तक फिल्म की रिलीज पर रोक लगाने का अनुरोध भी किया है।
इस पूरे विवाद पर मेकर्स का रुख बिल्कुल साफ है। सनोबर के वकील डीवी सरोज के मुताबिक, उन्होंने अक्टूबर और दिसंबर 2025 में भी नोटिस भेजे थे, जिसके जवाब में प्रोडक्शन हाउस ने कहा कि शाहिद कपूर के रोल का हुसैन उस्तरा से कोई लेना-देना नहीं है। साथ ही, मेकर्स का कहना है कि 'ओ रोमियो' न तो कोई बायोपिक है और न ही डॉक्यूमेंट्री; ये एक काल्पनिक और इमोशनल क्राइम ड्रामा फिल्म है।
अब अगर हुसैन उस्तरा के बारे में चर्चा तेज हो ही गई तो आइए जानते है कौन है हुसैन उस्तरा। बता दें, मुंबई अंडरवर्ल्ड का एक चर्चित नाम थे। उनका नाम हमेशा अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम के साथ उनके विवादों को लेकर सुर्खियों में रहता था। इस पर सनोबर शेख का कहना है कि फिल्म में उनके पिता को नकारात्मक रूप में दिखाए जाने की आशंका है, जिससे उनके परिवार की छवि खराब हो सकती है। इसीलिए सनोबर ने बातचीत में कहा, "फिल्म के वीडियो और ट्रेलर में मेरे डैडी की छवि साफ दिख रही है, जो हमारे लिए मानसिक तौर पर परेशान करने वाला है।"
इन तमाम विवादों के बीच, 'ओ रोमियो' 13 फरवरी 2026 को थिएटर में दस्तक देने वाली है। फिल्म में शाहिद कपूर के साथ तृप्ति डिमरी, तमन्ना भाटिया, अविनाश तिवारी, दिशा पाटनी और नाना पाटेकर जैसे मंझे हुए कलाकार नजर आएंगे। अब देखना ये होगा कि कोर्ट और कानून की दहलीज पर खड़ी ये फिल्म समय पर पर्दे तक पहुंच पाती है या नहीं। फिलहाल, इस 2 करोड़ की मांग ने बॉलीवुड गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
Updated on:
14 Jan 2026 04:37 pm
Published on:
14 Jan 2026 04:35 pm

बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
