
राम गोपाल वर्मा ने डोनाल्ड ट्रंप को किया सपोर्ट
Ram Gopal Varma On US-Israel War: मिडिल ईस्ट में 28 फरवरी से जारी महायुद्ध ने पूरी दुनिया को दो धड़ों में बांट दिया है। अमेरिका और इजरायल ने जो साथ में हमले किए उससे ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। जिसके बाद दुनियाभर में इस सैन्य कार्रवाई की आलोचना हो रही है। देश भर में लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, आम जनता के साथ की कई बॉलीवुड हस्तियां भी हैं जो दुबई और अबू धाबी में फंसी हुई हैं। ऐसे में लोग ट्रंप को बेहद गलत कह रहे हैं, लेकिन बॉलीवुड के दिग्गज फिल्ममेकर राम गोपाल वर्मा (RGV) अपने चिर-परिचित बेबाक अंदाज में डोनाल्ड ट्रंप के समर्थन में उतर आए हैं।
मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर अपनी राय रखते हुए राम गोपाल वर्मा ने सत्ता और ताकत का वो समीकरण समझाया, जो उन्होंने अपनी 2005 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'सरकार' में दिखाया था। उन्होंने लिखा, "सदियों पुरानी कहावत है कि 'ताकत ही सही है' (Might is Right)। मेरी फिल्म 'सरकार' का भी एक डायलॉग था- जिसके पास सत्ता है, उसका गलत भी सही हो जाता है। इसी तर्क से डोनाल्ड ट्रंप बिल्कुल सही हैं, क्योंकि इस वक्त उनके पास सबसे बड़ी ताकत है।"
राम गोपाल वर्मा का यह बयान उस कड़वी हकीकत की तरफ इशारा करता है, जहां अंतरराष्ट्रीय राजनीति में नैतिकता से ज्यादा अहमियत 'पावर' की होती है। इससे पहले भी उन्होंने खामेनेई पर चुटकी लेते हुए कहा था कि ट्रंप खुलेआम घूम रहे हैं जबकि ईरानी नेतृत्व को छिपना पड़ रहा है, जिससे साफ है कि पलड़ा किसका भारी है।
दूसरी तरफ, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस अभियान को रोकने के मूड में बिल्कुल नजर नहीं आ रहे हैं। उन्होंने 'ट्रुथ सोशल' पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि ईरान की वायु सेना, नौसेना और नेतृत्व पूरी तरह तबाह हो चुका है। ट्रंप ने कड़े लहजे में कहा, "वह अब बातचीत करना चाहते हैं, लेकिन मैंने कह दिया है कि अब बहुत देर हो चुकी है!" व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने संकेत दिया कि यह सैन्य अभियान अभी 4 से 5 हफ्ते और चल सकता है। उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि जरूरत पड़ने पर वह जमीन पर अमेरिकी सैनिकों की तैनाती (Ground Troops) से भी पीछे नहीं हटेंगे।
ईरान द्वारा खामेनेई की मौत की पुष्टि के बाद भारत में भी इसका असर देखने को मिल रहा है। जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर और बांदीपोरा जैसे इलाकों में शिया समुदाय के लोगों ने सड़कों पर उतरकर अमेरिका और इजरायल के खिलाफ भारी विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने खामेनेई की हत्या को मानवता के खिलाफ अपराध बताया है। जंग के आज चौथे दिन भी हालात बेहद तनावपूर्ण बने हुए हैं। ईरान ने भी हार न मानते हुए मिसाइल और ड्रोन हमलों का दायरा बढ़ा दिया है, जिससे खाड़ी देशों में अफरा-तफरी का माहौल है।
Updated on:
04 Mar 2026 10:12 am
Published on:
04 Mar 2026 09:48 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
