
रणधीर कपूर और बबीता का रिश्ता
Randhir Kapoor On Separation With Wife Babita: कपूर खानदान के सबसे बड़े सदस्यों में से एक, रणधीर कपूर अक्सर अपनी बेबाकी के लिए जाने जाते हैं। उनकी निजी जिंदगी भी किसी से कभी छुपी नहीं रही। करिश्मा कपूर और करीना कपूर के माता-पिता दोनों 35 सालों तक एक दूसरे से अलग रहे। अब खुद रणधीर कपूर ने इस अलग होने का कारण लोगों को बताया है। साथ ही उन्होंने पत्नी बबीता के साथ अपने उतार-चढ़ाव भरे रिश्ते को लेकर भी बड़े खुलासे किए हैं। रणधीर ने न केवल अपनी शादी में आई कड़वाहट को स्वीकार किया, बल्कि पूरे बड़प्पन के साथ अलगाव की पूरी जिम्मेदारी भी अपने सिर ली।
रणधीर कपूर ने हिंदुस्तान टाइम्स संग खास बातचीत की। इस दौरान उन्होंने अपने 35 साल तक अलग रहने को लेकर भी खुलासा किया। उन्होंने बेहद भावुक होते हुए कहा, " मेरी और बबीता की की शादी में जो कुछ भी गलत हुआ, मैं उसकी पूरी जिम्मेदारी लेता हूं। आज पीछे मुड़कर देखता हूं तो लगता है कि जो हुआ वह उस वक्त की जल्दबाजी का नतीजा था।" उन्होंने आगे साफ किया कि कानूनी तौर पर वह कभी अलग नहीं हुए थे। रणधीर बोले, "बबीता मेरी पत्नी हैं और हमेशा रहेंगी। करिश्मा और करीना मेरी बेटियां हैं। मैं एक इंसान हूं और मुझसे गलतियां हुईं, जिन पर मैं अब भी काम कर रहा हूं। अच्छी बात यह है कि अब हम साथ हैं।"
रणधीर ने उन दिनों को भी याद किया जब बबीता और वह फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी मुलाकात 1969 में हुई थी। 1971 में उन्होंने अपनी पहली निर्देशित फिल्म 'कल, आज और कल' में बबीता को ही बतौर हीरोइन लिया। काम करते-करते दोनों में प्यार हुआ और फिर शादी हो गई। रणधीर ने मुस्कुराते हुए बताया, "मेरी ऑन-स्क्रीन इमेज ऐसी थी कि कोई हीरोइन मुझे गंभीरता से नहीं लेती थी। लेकिन बबीता के साथ मेरा रिश्ता दोस्ती का था। मैं उनके लिए वो कंधा था जिस पर वो रो सकती थीं और वो मेरी सबसे अच्छी दोस्त बन गईं।"
रणधीर ने उन कारणों पर भी बात की जिसकी वजह से 1988 में दोनों अलग रहने लगे थे। उन्होंने ईमानदारी से स्वीकार किया कि उनका लाइफस्टाइल बबीता को पसंद नहीं था। रणधीर के मुताबिक, "बबीता को लगता था कि मैं बहुत ज्यादा शराब पीता हूं और देर रात घर आता हूं। उसे मेरा यह अनुशासनहीन जीवन पसंद नहीं था। वो चाहती थी कि मैं बदल जाऊं, लेकिन मैं वैसा नहीं बन पाया जैसा वो चाहती थी और वो मुझे वैसे स्वीकार नहीं कर पाई जैसा मैं था।"
अलग होने के बावजूद दोनों ने कभी तलाक नहीं लिया। रणधीर ने बताया कि बबीता ने अकेले ही करिश्मा और करीना की बहुत शानदार परवरिश की। आज दोनों बेटियां सुपरस्टार हैं और रणधीर इसका पूरा श्रेय बबीता को ही देते हैं। 35 सालों तक अलग घर में रहने के बाद, साल 2023 में यह जोड़ा एक बार फिर साथ रहने लगा है। रणधीर कपूर की यह कहानी सिखाती है कि परिवार और प्यार में गलतियां सुधारने के लिए कभी देर नहीं होती।
Published on:
27 Apr 2026 10:40 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
