
रानी मुखर्जी ने इंडस्ट्री में पूरे किए 30 साल
Rani Mukerji on daughter Adira is Yash Chopra reincarnation: बॉलीवुड की 'बंगाली ब्यूटी' कहे जाने वाली एक्ट्रेस रानी मुखर्जी ने अपनी जिंदगी को हमेशा से बेहद निजी रखा है। उनकी शादी कब हुई, उनकी बेटी के बारे में रानी के फैंस बेहद कम ही जानते हैं, लेकिन अब जब उन्होंने इंडस्ट्री में 30 साल पूरे कर लिए हैं तो इस मौके पर एक्ट्रेस ने कई बातें बताई हैं जो सुनकर उनके फैंस भी काफी हैरान हो रहे हैं। वहीं, रानी ने एक बड़ा खुलासा भी किया है। उन्होंने बताया कि मेरे ससुर यश चोपड़ा का पुनर्जन्म हुआ है जो मेरे घर में ही है।
गुरुवार को यश राज फिल्म्स (YRF) स्टूडियो में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रानी ने न केवल अपने करियर, बल्कि अपने पति आदित्य चोपड़ा और अपनी बेटी को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि यश चोपड़ा जैसे दिग्गज फिल्ममेकर का बेटा होने और खुद इंडस्ट्री के सबसे बड़े प्रोडक्शन हाउस का मालिक होने के बावजूद, आदित्य जमीन से जुड़े इंसान हैं।
रानी ने कहा, "आदि की सबसे अच्छी क्वालिटी यह है कि वह अपनी जिंदगी बहुत बेसिक तरीके से जीना चाहते हैं। मैं एक साधारण बैकग्राउंड से आती हूं और मुझे उनकी यही सादगी पसंद है। उनमें बड़े फिल्ममेकर होने का कोई गुमान नहीं है। सच कहूं तो अगर उनमें जरा सा भी ईगो होता, तो मुझे उनसे कभी प्यार नहीं हुआ होता।"
अपनी 9 साल की बेटी आदिरा के बारे में चर्चा करते हुए रानी ने एक बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि आदिरा की हरकतें उन्हें अक्सर उनके ससुर दिवंगत यश चोपड़ा की याद दिलाती हैं। रानी ने मुस्कुराते हुए कहा, "कभी-कभी मुझे लगता है कि यश अंकल ने ही आदिरा के रूप में दोबारा जन्म ले लिया है। आदिरा उनका पुनर्जन्म है। वह बहुत ही अच्छी स्टोरीटेलर है और बहुत अच्छा लिखती है। उसकी क्रिएटिविटी पूरी तरह से अपने दादा और पिता पर गई है।"
आदिरा का जन्म दिसंबर 2015 में हुआ था। वह इस साल (2026) में 10 साल की होने वाली है। रानी और आदित्य ने शुरू से ही उसे मीडिया और सोशल मीडिया की चकाचौंध से दूर रखा है, यहां तक कि आज तक उसका चेहरा रिवील नहीं किया गया है। रानी ने बताया कि आदिरा उनकी बहुत बड़ी फैन है। हालांकि, उसने अभी तक 'कुछ कुछ होता है' पूरी नहीं देखी क्योंकि फिल्म की शुरुआत में अपनी मां (रानी के किरदार) की मौत देखकर वह दुखी हो जाती है। लेकिन जब रानी को नेशनल अवॉर्ड मिला था, तब आदिरा टीवी के सामने खुशी से झूम उठी थी।
रानी और आदित्य की प्रेम कहानी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं है। दोनों ने अप्रैल 2014 में इटली में बहुत ही निजी तरीके से शादी की थी, जिसमें परिवार के केवल 12 लोग शामिल हुए थे। आज 12 साल बाद भी यह जोड़ा बॉलीवुड के सबसे ग्रेसफुल और प्राइवेट कपल्स में गिना जाता है।
Updated on:
23 Jan 2026 03:59 pm
Published on:
23 Jan 2026 03:59 pm
