
Rekha-Biswajeet Chatterjee Kiss Controversy (सोर्स- IMDb)
Rekha-Biswajeet Chatterjee Kiss Controversy: हिंदी सिनेमा के सुनहरे दौर से जुड़ा एक ऐसा किस्सा है, जिसकी चर्चा आज भी समय-समय पर होती रहती है। ये मामला अभिनेत्री रेखा और अभिनेता बिस्वजीत चटर्जी से जुड़ा है। करीब पांच दशक पहले शूट हुए एक सीन को लेकर उस समय खूब विवाद हुआ था और अब इतने वर्षों बाद अभिनेता की बेटी पल्लवी चटर्जी ने इस पूरे मामले पर अपनी राय रखी है। उनके बयान ने एक बार फिर पुराने विवाद को चर्चा में ला दिया है।
रेखा जब फिल्म इंडस्ट्री में अपने शुरुआती कदम रख रही थीं, तब उनकी उम्र महज 15 साल थी। उसी दौरान उन्होंने अभिनेता बिस्वजीत चटर्जी के साथ फिल्म 'अनजाना सफर' में काम किया था, जिसे बाद में 'दो शिकारी' नाम से रिलीज किया गया। इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान एक किसिंग सीन फिल्माया गया, जिसने बाद में काफी सुर्खियां बटोरीं। रेखा की जीवनी में भी इस घटना का जिक्र किया गया है और दावा किया गया कि अभिनेत्री को इस सीन के बारे में पहले से जानकारी नहीं थी।
बताया जाता है कि फिल्म निर्माता और निर्देशक कैमरे पर एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया चाहते थे। इसी वजह से सीन की पूरी जानकारी रेखा को नहीं दी गई। शूटिंग पूरी होने के बाद ये घटना लंबे समय तक चर्चा का विषय बनी रही। उस समय ऑन-स्क्रीन किसिंग सीन बहुत कम देखने को मिलते थे और सामाजिक तौर पर भी उन्हें सहज नहीं माना जाता था।
अब इस विवाद पर अभिनेता बिस्वजीत चटर्जी की बेटी और अभिनेत्री पल्लवी चटर्जी ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने माना कि अगर ऐसा कुछ हुआ था तो पहले अभिनेत्री की सहमति लेना जरूरी था। उनके अनुसार, किसी भी कलाकार को बिना जानकारी दिए इस तरह के सीन का हिस्सा बनाना उचित नहीं माना जा सकता। उन्होंने यह भी कहा कि उस दौर का माहौल आज से बिल्कुल अलग था और युवा कलाकारों के लिए अपनी बात खुलकर रखना आसान नहीं होता था। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि डायरेक्टर को स्वाभाविक सीन चाहिए था लेकिन बिना बताए ऐसा करना सही नहीं है।
पल्लवी ने ये भी बताया कि रेखा और उनके परिवार के बीच अच्छे संबंध थे। अभिनेत्री अक्सर उनके घर आती-जाती थीं और परिवारों के बीच आत्मीयता थी। ऐसे में अगर किसी युवा कलाकार को बिना तैयारी के ऐसी स्थिति का सामना करना पड़ा हो, तो वो निश्चित रूप से भावनात्मक रूप से कठिन अनुभव रहा होगा।
उन्होंने अपने पिता का बचाव करते हुए कहा कि बिस्वजीत चटर्जी ने अपने लंबे करियर में कई अभिनेत्रियों के साथ काम किया और उनके व्यवहार को लेकर कभी कोई शिकायत सामने नहीं आई। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि अगर किसी कलाकार की सहमति नहीं ली गई थी, तो ऐसा नहीं होना चाहिए था और पहले अनुमति लेना ही सही तरीका होता।
दिलचस्प बात ये है कि इस विवादित घटना के बाद भी रेखा और बिस्वजीत चटर्जी ने साथ में काम किया और दोनों परिवारों के रिश्ते भी सामान्य बने रहे। लेकिन ये मामला आज भी हिंदी सिनेमा के उन चर्चित प्रसंगों में गिना जाता है, जो फिल्मी दुनिया में सहमति और पेशेवर मर्यादाओं पर बहस को जन्म देते हैं।
Published on:
18 Jun 2026 08:43 am
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
