
साईं पल्लवी की स्पीच हुई वायरल
Sai Pallavi Hindi Film Debut:साउथ फिल्मोंकी सुपरस्टार और अपनी सादगी के लिए मशहूर एक्ट्रेस साई पल्लवी जल्द ही बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। उनकी पहली हिंदी फिल्म 'एक दिन की महफिल' को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। हाल ही में मुंबई में इस फिल्म का एक प्रमोशनल इवेंट रखा गया, जहां साई पल्लवी के साथ आमिर खान के बेटे और फिल्म के लीड एक्टर जुनैद खान भी मौजूद थे। खुद आमिर खान भी अपने बेटे और साई को सपोर्ट करने यहां पहुंचे। लेकिन पूरी शाम की लाइमलाइट साई पल्लवी की उस 'इमोशनल स्पीच' ने लूट ली, जो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रही है।
इवेंट के दौरान जब साई पल्लवी को माइक थमाया गया, तो वह काफी नर्वस नजर आईं। उन्होंने अपनी बात की शुरुआत ही माफी मांगकर की। अपनी टूटी-फूटी हिंदी में साई ने कहा, "मैं आप सभी का शुक्रिया अदा करती हूं। मुझे हिंदी ऐसा ही आता है... आता है या आती है... उसमें कुछ गड़बड़ होगा तो प्लीज माफ करना।"
साई ने आगे मुस्कुराते हुए कहा कि उन्होंने हिंदी में भाषण देने की कोई तैयारी नहीं की थी। उन्हें अंदाजा नहीं था कि उन्हें मंच पर बोलना पड़ेगा, वरना वह कम से कम कुछ वाक्य तो रटकर या सीखकर आतीं। उनकी इस मासूमियत और ईमानदारी ने वहां मौजूद सभी लोगों का दिल जीत लिया। आमिर खान भी साई की इस सादगी को देख मुस्कुराते नजर आए।
फिल्म की कास्ट और क्रू की तारीफ करते हुए साई काफी भावुक हो गईं। उन्होंने पूरी टीम को 'इनक्रेडिबल' यानी अविश्वसनीय बताया। अपनी अब तक की फिल्मी सफर को याद करते हुए साई ने कहा, "यह शाम मेरे लिए बहुत खास है। जब मैं मुड़कर अपनी जर्नी देखती हूं, तो मुझे नहीं पता कि मैंने कितना अच्छा काम किया है, लेकिन मुझे खुशी है कि मेरे काम की वजह से मुझे इतने प्रतिभाशाली लोगों के साथ काम करने का मौका मिला।"
साई पल्लवी हमेशा की तरह इस इवेंट में भी 'नो-मेकअप' लुक में नजर आईं। जहां बॉलीवुड में चकाचौंध और भारी मेकअप का चलन है, वहीं साई का बेहद साधारण और एलिगेंट अंदाज उनके फैंस को खूब पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग उनकी तुलना 'ताजी हवा के झोंके' से कर रहे हैं।
बता दें कि 'एक दिन की महफिल' आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी है और यह 1 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। जुनैद खान की यह पहली फिल्म है और साई पल्लवी के साथ उनकी केमिस्ट्री देखने के लिए लोग बेताब हैं।
Updated on:
27 Apr 2026 11:45 am
Published on:
27 Apr 2026 11:45 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
